जमशेदपुरः मानगो नगर निगम के छेत्र में आने वाले इलाकों में शनिवार से पानी के लिए दो चार होना पड़ सकता है. दरअसल मानगो वाटर प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों को बोनस की राशि नहीं दी गई है. जिसकी वजह से कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ गुरुवार को मोर्चा खोल दिया.
शनिवार को नहीं मिलेगा पानी
कर्मचारियों का साफ तौर पर कहना है कि जब तक प्रबंधन कमिटी की ओर से बोनस राशि पर सहमति नहीं बनती है तो शनिवार से मानगो वाटर प्लांट में काम काज बंद कर दिया जाएगा. जिससे यहां रहने वाले हजारों लोगों को पीने योग्य पानी के लिए कड़ी मशक्कत उठानी पड़ सकती है.
इसे भी पढ़ें- जमशेदपुरः भारतीय जनता मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने निकाला मौन जुलूस, हमलावर की गिरफ्तारी की मांग
वर्षों से मांग कर रहे
मानगो जल प्लांट में तकरीबन 54 कर्मचारी काम कर रहे हैं, जिनके कंधों पर शहर के कुछ इलाकों में पानी सप्लाई की जिम्मेदारी दी गई है. इन कर्मचारियों को प्रबंधन की ओर से दुर्गा पूजा तक बोनस की राशि देने की बात कही गई थी लेकिन दुर्गा पूजा के बीतने के बाद प्रबंधन कर्मचारियों की बात नहीं मान रहा है. फिलहाल कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार तक कर्मचारी सांकेतिक हड़ताल करेंगे. इसके बाद भी कर्मचारियों की बात नहीं मानी गई तो काम काज पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा.