जमशेदपुरः धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (Birth anniversary of Bhagwan Birsa Munda) और झारखंड स्थापना दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मंगलवार को बिरसानगर स्थित बिरसा मुंडा की मूर्ती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. बिरसा मंडी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों को पूरा करना है.
यह भी पढ़ेंः जमशेदपुर को योजनाओं की सौगातः सोमवार को मुख्यमंत्री करेंगे एमजीएम में अत्याधुनिक अस्पताल का शिलान्यास
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बिरसानगर पहुंचे और भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ती पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त के साथ साथ वरीय पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे. बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा हम सबों के आस्था और आशा के प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा के त्याग, तपस्या और बलिदान का अमर इतिहास है. उन्होंने अपना बलिदान देकर इस धरती को बचाया है. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा ने जल, जंगल और जमीन को बचाया, जिसे झारखंड के एक-एक लोग याद करते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों का उन्नति और विकास हो, इस दिशा में प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना है और भगवान बिरसा मुंडा के सपनो को पूरा करना है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम के महान जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू पहुंचकर उनकी स्मृतियों को नमन किया. राष्ट्रपति ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि के बाद उनके वंशजों से मुलाकात की. राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान बिरसा के जन्म और कर्म से जुड़े स्थानों पर जाना मेरे लिए तीर्थ यात्रा के समान है. उन्होंने इस कार्यक्रम के बाद ट्वीट किया, मैं स्वयं को धन्य महसूस कर रही हूं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहे.