नई दिल्लीः तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया. इस दौरान निगम कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध भी जताया. निगम कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें 3 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसकी वजह से उन्हें काफी तकलीफों का सामना करना पड़ा है.
कर्मचारियों ने कहा कि अब घर चलाना और बच्चों का फीस देना भी मुश्किल हो गया है. हालत इतनी खराब है कि अब लोग कर्ज तक नहीं दे रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से वे लोग रोजाना अपनी मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन निगम के नेता और निगम के अधिकारी को उनकी फिक्र नहीं है.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं है, क्योंकि मौखिक आश्वासन से कुछ नहीं मिल सकता है.आपको बता दें कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारियों को छोड़कर बाकी 1 ग्रेड. बी ग्रेड, सी ग्रेड और डी ग्रेड के कर्मचारियों का 2 से 3 महीने का सैलरी बकाया है.