बाराबंकी : प्रियंका गांधी 10 दिन पहले यूपी के बाराबंकी में धान काट रहीं महिलाओं से मिली थीं. इस दौरान महिलाओं से मिले अपार स्नेह से वो बहुत प्रभावित हुईं थीं. अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन महिलाओं को दिवाली गिफ्ट भेजा है. प्रियंका गांधी ने गिफ्ट में एक साड़ी और एक मिठाई का डब्बा दिया है. वहीं, गिफ्ट पाकर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे. महिलाओं का कहना था कि पहली बार किसी ने उनको दिवाली पर उपहार दिया है.
धान के खेत में महिलाओं के बीच पहुंची थीं प्रियंका गांधी
दरअसल, बीते 23 अक्टूबर को प्रियंका गांधी प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत करने बाराबंकी पहुंची थीं. जैदपुर विधानसभा के हरख चौराहे पर प्रियंका गांधी को झंडी दिखानी थी. हरख पहुंचने से तकरीबन दो किलोमीटर पहले मानपुर गांव की कुछ महिलाओं को धान काटते देख प्रियंका रुक गईं थीं. जिसके बाद प्रियंका गांधी पैदल ही महिलाओं के पास खेत में पहुंच गईं. खेत पर उन्होंने महिलाओं से बातचीत की, उनकी परेशानियों को सुना और उन्हें दूर करने का आश्वासन भी दिया.
प्रियंका गांधी की हुई थी जमकर आवभगत
प्रियंका गांधी को अपने बीच पाकर महिलाएं जोश से भर उठी थीं. उन्होंने प्रियंका की जमकर आवभगत की थी. इन महिलाओं ने प्रियंका को गुड़, सलाद और रोटी भी खिलाई. महिलाओं के इस प्यार और अपार स्नेह से प्रियंका भावुक हो गईं थीं. इनसे इतना प्रभावित हुईं कि उन्होंने इनको दीपावली गिफ्ट देने का फैसला किया और मंगलवार को उन महिलाओं के लिए प्रियंका गांधी ने साड़ी और मिठाई का डब्बा भेजा.
प्रियंका गांधी महिलाओं के लिए 62 पैकेट गिफ्ट पैक कराकर भेजा है. मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तनुज पूनिया की पत्नी ने जिलाध्यक्ष और तमाम कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महिलाओं को दिवाली गिफ्ट वितरित किया. दिवाली गिफ्ट पाकर महिलाएं खुशी से फूली नहीं समाईं.
पढ़ेंः कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा : खेत में काम कर रही महिलाओं से मिलीं प्रियंका, खाई जलेबी