बीजापुरः जिले के आवापल्ली ब्लॉक मुख्यालय में गुस्साए किसानों ने शुक्रवार को स्टेट हाइवे पर चक्का जाम किया. किसानों ने प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता और क्षेत्र विधायक विक्रम शाह मंडावी के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की.
बता दें प्रदेश में 20 फरवरी धान खरीदी के लिए अंतिम तारीख तय की गई थी, जिसके बाद भी कई किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं. आवापल्ली के गांधी चौक में किसानों ने चक्का जाम किया और धान खरीदी के लिए अड़ गए.
व्यापारियों ने भी किया किसानों का समर्थन
बताया जा रहा है कि जिले में करीब नौ हजार से ज्यादा किसान हैं, जो धान खरीदी को लेकर परेशान हैं. इन किसानों से अब तक धान खरीदी नहीं किया गया. आवापल्ली धान खरीदी केंद्र के किसानों का कहना है कि अंतिम दिन बहुत ही कम किसानों का धान खरीदा गया. अभी कई किसान हैं जिनका धान खरीदना बाकी है. वहीं अब तक कितने किसानों से धान खरीदी की गई है यह भी साफ नहीं हो पाया है. किसानों के इस प्रदर्शन में बीजेपी कार्यकर्ता और व्यापारियों ने भी अपने दुकाने बंद रखकर किसानों का समर्थन किया है.