रांची: दक्षिणी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बनें निम्न दवाब का क्षेत्र और गहरा गया है. 19 दिसंबर की रात में यह आंध्र प्रदेश तट के आसपास (दक्षिणी तमिलनाडु-उत्तरी आंध्र प्रदेश) से उत्तरी आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ेगा.
इस सिस्टम के क्लाउड बैंड में झारखंड का दक्षिणी क्षेत्र भी आ रहा है. इस वजह से 20 दिसंबर को राज्य के दक्षिणी भाग में आनेवाले जिले सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में हल्की बारिश की संभावना है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार इस सिस्टम के प्रभाव से राज्य के रांची सहित अन्य मध्य भाग वाले जिला में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है.
21 और 22 दिसंबर को घने कोहरे के येलो अलर्ट
मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने इसको लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से मिलने वाली नमी की वजह से 21 दिसंबर को राज्य के दक्षिणी मध्य भाग में और 22 दिसंबर को नार्थ ईस्ट वाले जिलों में सुबह की शुरुआत घने कोहरे से होगी. इसके लिए मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार आसमान में बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी. वहीं अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज किया जाएगा.


अगले पांच दिन का मौसम पूर्वानुमान
- 20 दिसंबर - राज्य के दक्षिणी भाग में हल्की बारिश.
- 21 दिसंबर - मौसम शुष्क, दक्षिणी-मध्य भाग में कोहरा का येलो अलर्ट.
- 22 दिसंबर - मौसम शुष्क, उत्तरी पूर्वी भाग में घने कोहरे का येलो अलर्ट.
- 23 दिसंबर - मौसम शुष्क एवं आसमान साफ.
- 24 दिसंबर - मौसम शुष्क एवम आसमान साफ.
गुमला में सबसे कम तापमान
मौसम केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा है. इस दौरान सबसे अधिक तापमान सरायकेला खरसावां में 29.1℃ और सबसे कम यानी न्यूनतम तापमान गुमला में 5.8℃ रिकॉर्ड हुआ है. वहीं रांची के न्यूनतम तापमान 9.4℃, जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 11.5℃, डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 8.6℃, बोकारो का न्यूनतम तापमान 9.5℃, चाईबासा का न्यूनतम तापमान 9.6℃, देवघर का न्यूनतम तापमान 10.3℃ और गोड्डा का न्यूनतम तापमान 13.5℃ रिकॉर्ड किया गया है.

इसे भी पढ़ें- सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी, जानें मौसम का हाल - WEATHER UPDATE TODAY 13 DEC 2024
इसे भी पढ़ें- झारखंड को ठंड और शीतलहर से मिलेगी राहत! जानें, क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान - JHARKHAND WEATHER UPDATE