दुमका: आज पूरा देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मना रहा है. नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस भी कहा जाता है. स्वतंत्रता संग्राम के महानायक 'नेताजी' का जन्म आज ही के दिन 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक में हुआ था. इस मौके पर दुमका में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. उनके साथ प्रदेश और जिला स्तर के कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे.
देश को आजाद करने में नेताजी की अहम भूमिका
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश की आजादी में सुभाष चंद्र बोस की अहम भूमिका रही. उन्होंने 'आजाद हिंद फौज' की स्थापना की. उन्होंने देश में जागृति लाने के लिए पूरे देश का भ्रमण किया. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, देवघर और अन्य जगहों में आकर लोगों के बीच स्वतंत्रता का अलख जगाया, जिसका काफी सकारात्मक परिणाम हुआ और हमलोग 1947 में आजाद हुए.
नेहरू सरकार ने विकसित भारत की नींव रखी
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जो देश की आजादी और उसके बाद नवभारत निर्माण का जो सपना देखा था उसे आजादी के बाद बनने वाली कांग्रेस की नेहरू सरकार ने धरातल पर उतारा. पंचवर्षीय योजनाएं चलाई गई, कृषि सहित अन्य क्षेत्र को मजबूत कर पूरे देश की अर्थव्यवस्था के साथ आधारभूत संरचना को मजबूत किया गया. इस ट्रैक पर आज हमारा देश विकास की ओर अग्रसर है.
इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए केशव महतो ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया जा रहा है. उनके द्वारा संविधान की मूल भावना को ताख पर रखा जा रहा है. इसे हम सब बर्दाश्त नहीं करेंगे और जनता को इन सब बातों की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा 3 जनवरी से 26 जनवरी तक जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान चलाया जा रहा है, जिसे काफी समर्थन मिल रहा है.
ये भी पढ़ें: झारखंड से नेताजी का कनेक्शन: गोमो रेलवे स्टेशन पर आखिरी बार देखे गए थे सुभाष चंद्र बोस
नेताजी सुभाष चंद्र बोस का रामगढ़ से रहा है खास कनेक्शन, इसी धरती पर हुई थी गरम दल की स्थापना
नेताजी सुभाष चंद्र बोस कुशल ट्रेड यूनियन लीडर भी थे, जमशेदपुर से था खास नाता