देवघर: पूरे राज्य के साथ-साथ देवघर नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल समाप्त करने के बाद गुरुवार को काम पर वापस लौट गये. बुधवार को राजधानी रांची में नगर विकास मंत्री हफीजुल हसन के साथ हुई बैठक के बाद राज्य भर के नगर निगम और नगर निकाय के सफाई कर्मचारियों ने अपना हड़ताल वापस ले लिया.
इस बैठक में यह तय किया गया कि अगले 20 दिन के अंदर सफाई कर्मचारियों की मांग पर विचार करते हुए उसे लागू किया जाएगा. इस मीटिंग में शामिल होने के बाद देवघर पहुंचे सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मंडल ने कहा कि अगर अगले 20 दिन में नगर विकास विभाग एवं नगर निगम के तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं तो पूरे राज्य के सभी सफाई कर्मचारी एक बार फिर से हड़ताल पर जाएंगे. लेकिन अभी तक अच्छे माहौल में आश्वासन मिला है उन्हें उम्मीद है कि उनकी मांगों पर सरकार चुनाव से पहले विचार करेगी.
वहीं देवघर की डिप्टी मेयर नीतू देवी बताती है कि सफाई कर्मचारियों की वजह से ही शहर में साफ सफाई बनी रहती है. सफाई कर्मचारियों की जो भी मांगे हैं उसे अवश्य पूरा होना चाहिए. देवघर नगर निगम और पूरा प्रशासन उनके साथ है. वहीं हड़ताल समाप्त होने की जानकारी नगर आयुक्त को सफाई कर्मचारियों के द्वारा नगर निगम के कार्यालय में दी गई. हड़ताल समाप्त होने की जानकारी मिलने के बाद नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि पूरे राज्य के सफाई कर्मचारी अपने हड़ताल को वापस ले लिया है.
![Deoghar Municipal Corporation employees returned to work after strike ended](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/12-09-2024/jh-ran-01-pkg-hadtaal-7203712_12092024164349_1209f_1726139629_384.jpg)
हड़ताल वापस होते ही उन्होंने निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आश्वस्त किया कि अगले 24 से 48 घंटे में पूरा शहर पूर्व की तरह साफ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की वजह से कहीं ना कहीं शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी. लेकिन अब सफाई कर्मचारियों के रहने से शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर जमा गंदगी को जल्द से जल्द साफ कर स्वच्छ माहौल बना दिया जाएगा.
बता दें कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विगत 23 अगस्त से देवघर सहित राज्य के विभिन्न नगर निगम और नगर निकाय के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे. जिसका सबसे ज्यादा असर देवघर जिला में देखने को मिला. क्योंकि भादो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को शहर के विभिन्न चौक चौराहा पर गंदगियों का सामना करना पड़ा. इससे सिर्फ श्रद्धालुओं को ही परेशानी नहीं हुई बल्कि देवघर जिले की भी छवि को ठेस पहुंची.
![Deoghar Municipal Corporation employees returned to work after strike ended](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/12-09-2024/jh-ran-01-pkg-hadtaal-7203712_12092024164349_1209f_1726139629_977.jpg)
इसे भी पढे़ं- देवघर नगर निगम के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल जारी, शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई - Strike Of Temporary Employees
इसे भी पढ़ें- सचिवालयकर्मियों की कलमबंद हड़ताल, टेबलों पर पड़ी रही फाइलें - strike of secretariat workers