हैदराबाद: हमारा देश विविधता से भरा हुआ है. भारत में 28 राज्य और 8 केंद्रशासित प्रदेश हैं, जिनकी अपनी भाषायी, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक पहचान है. सभी राज्यों की अपनी अलग भौगोलिक विशेषता भी है. भारत के उत्तर क्षेत्र में हिंदी भाषी राज्य हैं. पश्चिम क्षेत्र में गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा जैसे राज्य हैं. दक्षिण भारत में सबसे ज्यादा भाषायी विविधता है, यहां राज्यों का गठन भाषा के आधार किया गया था- जैसे केरल में मलयालम भाषा बोली जाती है. तमिलनाडु में तमिल, कर्नाटक में कन्नड़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेलुगु भाषा है. वहीं, पूर्वी भारत में ओडिशा और पश्चिम बंगाल हैं, जिनकी अपनी-अपनी भाषाएं हैं. इसी तरह पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी भाषायी और जातीय विविधता देखने को मिलती है.
राज्यों के जनसंख्या और क्षेत्रफल में भी बहुत भिन्नता है. कुछ राज्य क्षेत्र में बड़े हैं, लेकिन जनसंख्या के लिहाज से छोटे हैं. अगर देश के सबसे छोटे राज्य की बात की जाए तो यह बहुत कम लोगों को ही पता होगा कि क्षेत्रफल या जनसंख्या के हिसाब से देश का सबसे छोटा राज्य कौन सा है. आज हम आपको बताएंगे कि देश के पांच सबसे छोटे राज्य कौन से हैं.
देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद गोवा क्षेत्रफल या आकार के मामले में भारत का सबसे छोटा राज्य है. सुंदर समुद्री तटों के लिए मशहूर गोवा का अपना ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक महत्व है. प्राचीन समुद्र तटों, पुर्तगाली प्रभाव और हरे-भरे दृश्यों की वजह से गोवा पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. गोवा का कुल क्षेत्रफल 3,702 वर्ग किमी है. ऐसा कहा जाता है कि गोवा को पहले गोवेम, गामा माचला, गोमांतक, गोपाकपट्टन और गोवापुरी भी कहा जाता था.
इसके बाद, सिक्किम भारत का दूसरा सबसे छोटा राज्य है, जिसका कुल क्षेत्रफल 7,096 वर्ग किमी है. 10,486 वर्ग किमी क्षेत्र के साथ त्रिपुरा तीसरा सबसे छोटा राज्य है. छोटे राज्यों की सूची में नगालैंड चौथे और मिजोरम पांचवें नंबर है.
क्षेत्रफल के हिसाब से पांच सबसे छोटे राज्य
क्रमांक | राज्य | क्षेत्रफल (वर्ग किमी में) |
1 | गोवा | 3,702 |
2 | सिक्किम | 7,096 |
3 | त्रिपुरा | 10,486 |
4 | नगालैंड | 16,579 |
5 | मिजोरम | 21,081 |
जनसंख्या के हिसाब से पांच सबसे छोटे राज्य
जनसंख्या के हिसाब से सबसे छोटा कौन है. इसका जवाब भी बहुत कम लोगों को ही पता होगा. सिक्किम आबादी के हिसाब से देश का सबसे छोटा राज्य है यानी यहां की जनसंख्या देश में सबसे कम है. 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, हिमालयी राज्य सिक्किम की कुल जनसंख्या 6,07,688 है. जनसंख्या के हिसाब से दूसरा सबसे छोटा राज्य मिजोरम की है, यहां की कुल जनसंख्या 10.97 लाख (2011 जनगणना) है. जनसंख्या के हिसाब से सबसे छोटे राज्यों की सूची में अरुणाचल प्रदेश तीसरे, गोवा चौथे और नगालैंड पांचवें नंबर पर हैं.
क्रमांक | राज्य | जनसंख्या (2011 जनगणना) |
1 | सिक्किम | 610,577 |
2 | मिजोरम | 10,97,206 |
3 | अरुणाचल प्रदेश | 14,58,545 |
4 | गोवा | 14,58,502 |
5 | नगालैंड | 19,78,502 |
सिक्किम का भारत में विलय
भारत 1947 में आजाद हुआ था. लेकिन 6 अप्रैल, 1975 को सिक्किम का भारत में विलय हुआ था, जब भारती सेना ने सिक्किम के चोग्याल राजवंश के राजमहल को चारों ओर से घेर लिया था. सेना ने राजमहल पर नियंत्रण कर लिया और सिक्किम की स्वतंत्रता की घोषणा की गई. चोग्याल के राजवंश के अंतिम राजा पाल्डेन थोंडुप नामग्याल को राजमहल में ही नजरबंद कर दिया गया था. इसके बाद भारत सरकार ने सिक्किम में जनमत संग्रह कराया गया, जिसमें 97.5 प्रतिशत लोगों ने भारत के साथ विलय के पक्ष में मतदान किया. इस तरह सिक्किम भारत का 22वां राज्य बना.
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे मनाने की क्यों पड़ी जरूरत, जानें वजह