रांची: झारखंड में 22 फरवरी को ज्यादातर इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे. कई जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी दर्ज की गई. 22 फरवरी को राज्य का अधिकतम तापमान पलामू और सरायकेला खरसावां में रिकॉर्ड हुआ. यहां पारा 33.6℃ तक पहुंच गया.
राज्य के इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में दर्ज किया गया. यहां पारा 13℃ तक गिरा. मौसम केंद्र, रांची ने अपने ताजा मौसम अपडेट में 23 फरवरी को राज्य के 24 में से 14 जिलों में कहीं-कहीं गर्जन, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम केंद्र के अनुसार 23 फरवरी को मुख्यतः राज्य के पूर्वी भाग वाले जिलों में गर्जन और वज्रपात की संभावना अधिक है. वहीं, जिन 14 जिलों के लिए खराब मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है, उसमें साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के जिले शामिल हैं.