चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून का दौर जारी है. इस बीच चंडीगढ़ मौसम विभाग ने वीरवार के लिए हरियाणा के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, हिसार, सोनीपत, करनाल, जींद, कैथल, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और अंबाला शामिल हैं. मौसम विभाग ने करनाल और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन दो जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
हरियाणा में बारिश की चेतावनी: मौसम अधिकारियों ने दावा किया कि वीरवार को हरियाणा में दिन भर बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलेंगी. जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. वीरवार को हरियाणा में 30 से 40 KM प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. मौसम विभाग के अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले 48 घंटे में भारत में बादल छाए रहेंगे. वहीं हरियाणा के उत्तरी में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी.
हरियाणा मौसम अपडेट: वीरवार को चंडीगढ़ के हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहेंगे, लेकिन हरियाणा के उत्तरी इलाकों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है. बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश चंडीगढ़ में 64.5 एमएम दर्ज की गई. इसके अलावा हिसार में 14.6 एमएम, कुरुक्षेत्र में 12.0 एमएम, मेवात में 5.5 और पानीपत में 2.0 एमएम बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा हरियाणा का अधिकतम तापमान सिरसा में 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान पंचकूला में 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अंबाला में जमकर बरसे मेघा: अंबाला में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है. बारिश से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी भारी गिरावट देखने को मिली. सुबह 6.30 बजे का अंबाला का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल गए, क्योंकि ये बारिश धान की फसल के लिए फायदेमंद है. एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली तो दूसरी तरफ जलभराव से लोगों को परेशानी भी हुई.