भोपाल:मध्य प्रदेश में मौसम करवट बदल रहा है. दिन में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि रात के तापमान में बीते चार दिनों से जारी गिरावट भी थम गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब दिन के तापमान में निरंतर वृद्धि होगी. वहीं रात के तापमान में भी वृद्धि होने के आसार हैं, लेकिन होली तक रात में हल्की ठंड का एहसास होता रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 फरवरी को रीवा, सतना, पन्ना और मैहर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जबकि पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा.
मध्य प्रदेश में पचमढ़ी अब भी सबसे ठंडा
मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश ने बताया "मध्य प्रदेश में बीते चार दिनों में ठंड में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है. मंगलवार को मध्य प्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि शहडोल के कल्याणपुर में 8.7 डिग्री और शाजापुर के गिरवर का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा. इसी तरह भोपाल का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस और इंदौर का तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.