सुलतानपुर: कांग्रेस के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा की कैबिनेट मंत्री मेनका गांधी और सांसद वरुण गांधी को भगोड़ा करार दिया है. उन्होंने कहा कि पीलीभीत से मेनका गांधी और सुलतानपुर से वरुण गांधी भाग खड़े हुए हैं. पांच साल तक मेनका गांधी कैबिनेट मंत्री रहीं. उन्होंने आम जनता के लिए कुछ नहीं किया, अब चुनाव के समय में जनता जवाब मांग रही है.
सांसद डॉ. संजय सिंह ने कहा कि वह हमेशा से सुलतानपुर की माटी के नजदीक रहकर सेवा करते रहे हैं. कांग्रेस को मौका मिला तो फिर विकास की गंगा बहेगी. वहीं कांग्रेस नेता संजय सिंह ने कहा कि मेनका गांधी और वरुण गांधी दोनों नागरिकों को छल रहे हैं, अपनी सीटें बदल रहे हैं. एक स्थान से दूसरे स्थान पर भाग रहे हैं, लेकिन इसका जवाब उन्हें जनता को देना होगा. साथ ही उन्होंने कांग्रेस की जीत के साथ सुलतानपुर को स्मार्ट सिटी बनाने का वादा भी किया.