रायबरेली: कांग्रेस अध्यक्ष औऱ रायबरेली सांसद सोनिया गांधी बुधवार को जिले के कांग्रेसियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रूबरू हुईं. अपने संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 'ज़ूम एप' के जरिए मुखातिब हुईं. सोनिया ने भेजी गई राहत सामग्री के वितरण से लेकर सांसद निधि के जरिए दी गयी धनराशि के खर्चे संबंधित विषयों पर चर्चा की.
दरअसल, बुधवार को सोनिया गांधी जिले के कार्यकर्ताओं औऱ पदाधिकारियों से रूबरू हुईं. इस दौरान कुल 36 पार्टी सदस्यों से लॉकडाउन के दौरान गरीबों व जरूरतमंदों को हर संभव मदद करने की बात कही. साथ ही खुद के द्वारा भेजी गई राहत सामग्री का सही तरीके से जिले के सुदूर क्षेत्रों समेत सभी ब्लॉक में वितरण करने पर जोर दिया. इसके अलावा सभी सदस्यों से खुद की सुरक्षा और सतर्कता पर भी ध्यान देने की बात कही.
सांसद प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि सोनिया गांधी लॉकडाउन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधे रूबरू हुईं. इस दौरान संकट के इस दौर में जनता के बीच जाकर उन्हें हर संभव मदद देने की अपील की. किसानों की समस्याओं पर जोर देते हुए और मनरेगा जैसी सरकारी योजनाओं व सरकारी राशन वितरण की कार्यप्रणाली पर भी नज़र रखने की बात कही.
इसे भी पढ़ें-रायबरेली: क्वारंटाइन केंद्र का ग्रामीणों ने किया विरोध, प्रशासनिक अधिकारियों पर किया पथराव
सोनिया गांधी ने जानकारी दी कि 1 करोड़ 32 लाख की धनराशि के तहत 79 लाख की पहली किस्त मेडिकल किट और सामग्री के क्रय के लिए जारी की जा चुकी है. दूसरी क़िस्त भी अनुमोदन के साथ प्रोक्यूरेमेंट के लिए भेजी जा चुकी है. उम्मीद है कि उसकी सामग्री भी जल्द ही आ जायेगी. इस वीडियो कांफ्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के अलावा बाकी सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी रायबरेली से ही ताल्लुक रखते हैं.