शिमला: हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं व खेल विभाग से निदेशक पद से सेवानिवृत हुईं सुमन रावत मेहता ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष होली लॉज में सुमन रावत ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण (Suman Rawat join Congress) की. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाया और सदस्यता फार्म भरवा कर सुमन रावत मेहता को कांग्रेस पार्टी में उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा कि सुमन रावत हिमाचल प्रदेश ही नहीं देश की जानी मानीं धाविका रही हैं और अनेकों राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि सुमन रावत के कांग्रेस पार्टी में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी. वहीं, कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने के बाद सुमन रावत मेहता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान के उन्नत भारत को विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. कांग्रेस पार्टी की नीतियों और मजबूत व दूरदर्शी सोच से आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं.
![Suman Rawat join Congress](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/16137135_794_16137135_1660830988965.png)
हिमाचल प्रदेश के 6 मर्तबा मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह को अपना (Suman Rawat join Congress) आदर्श बताते हुए सुमन रावत ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रेरणा से ही वह खेल जगत में एक अलग पहचान बनाने में सफल रहीं हैं. उन्होंने कहा कि देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर ही उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है और भविष्य में प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए वह कार्य करेंगी.
बता दें कि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुमन रावत वर्ष 1986 में 3000 मीटर की दौड़ में एशियन गेम्स में कांस्य पदक विजेता रही हैं और 1980 से 1994 तक लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रहीं. उसके बाद एक बेटी की मां बनने के बावजूद भी 42 किलोमीटर की दौड़ 24 दिनों में पूरी करके अपना नाम लिम्का बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज करवा कर हिमाचल का नाम रोशन किया. साउथ एशियन फेडरेशन में तीन स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 87 स्वर्ण पदक 39 रजत व 104 कांस्य हासिल किए हैं.
ये भी पढ़ें: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मांगा जवाब, आखिर क्यों टली HPPSC में नियुक्तियां, बताएं सीएम जयराम ठाकुर