रांची: इंजीनियरिंग, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में देश दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाला बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी बीआईटी मेसरा अपनी स्थापना के 70 वें वर्ष पर प्लैटिनम जुबली मना रहा है. राजधानी रांची के मेसरा में इस शैक्षणिक संस्थान की स्थापना 1955 में हुई थी. बीआईटी मेसरा के इस गौरवशाली सफर को यादगार बनाने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद रहेंगी.
राष्ट्रपति दिल्ली से रांची पहुंच गई हैं. 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर बीआईटी मेसरा के द्वारा 15 फरवरी से 15 जुलाई तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला बनाई गई है. इसके तहत 15 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित करेंगी. इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति, शिक्षा जगत से जुड़े हस्ती और देश-विदेश से कई लोग मौजूद रहेंगे.
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुक्रवार शाम तक पूरा किया जाता रहा. रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने विधि व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल पर की गई प्रशासनिक तैयारी का जायजा लिया और कई आवश्यक निर्देश भी दिए. कार्यक्रम बीआइटी परिसर में सुबह 11 बजे से होगा.
राष्ट्रपति के आगमन का राजनीतिक दलों ने किया स्वागत
दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक दलों ने स्वागत किया है. सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राष्ट्रपति के आगमन पर खुशी जताते हुए कहा है कि वे झारखंड में लंबे समय तक संरक्षक के रूप में रही हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड के प्रति राष्ट्रपति का लगाव रहा है. उन्होंने कहा कि हम लोग भी उन्हें आदर के साथ मौसी पुकारते हैं. ऐसे में इनका आगमन वह भी बीआईटी मेसरा जो एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान है गौरव का विषय है.
भारतीय जनता पार्टी ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन का स्वागत किया है. बीजेपी प्रवक्ता अविनेष कुमार सिंह ने कहा है कि बतौर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का कार्यकाल झारखंड में बहुत ही यादगार रहा. आज वे देश के राष्ट्रपति हैं उनका हमेशा से इस राज्य के प्रति लगाव रहा है और आज भी कायम है.
ये भी पढ़ें:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची रांची, कारकेड कड़ी सुरक्षा के बीच राजभवन पहुंचा