लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बुधवार की देर रात पार्टी संगठन के चुनावों के लिए नियुक्त किए गए जिला चुनाव अधिकारियों के नामों की घोषणा की.

प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बताया कि संगठन चुनाव के लिए 9 नवम्बर को जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. संगठन चुनाव की दृष्टि से बूथ समिति के चुनाव 15 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर के बीच होंगे. बूथ समिति चुनाव के बाद मंडल और जिला संगठन के चुनाव होंगे. इसमें संगठन चुनाव के सहायक चुनाव अधिकारी मुकुट बिहारी वर्मा-कानपुर क्षेत्र, रंजना उपाध्याय-अवध क्षेत्र, राजेन्द्र तिवारी-काशी क्षेत्र, अनिल चौधरी -पश्चिम क्षेत्र, कमलेश कुमार गोरखपुर क्षेत्र और हरीश कुमार सिंह ब्रज क्षेत्र के संगठन चुनाव का कार्य देखेंगे. प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और अरुणकांत त्रिपाठी प्रदेश चुनाव अधिकारी के साथ समन्वय करेंगे.

भारतीय जनता पार्टी का संगठन चुनाव संबंधित कार्यक्रम पूरे देश में चल रहा है. जिसमें बूथ इकाई स्तर से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव किया जाना है. उत्तर प्रदेश में भी प्रदेश अध्यक्ष और जिलों में बड़ी संख्या में जिला अध्यक्ष बदले जाएंगे. जिसको लेकर पूरा चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है. पार्टी ने अब प्रत्येक क्षेत्र में चुनाव अधिकारी घोषित किए हैं.


बता दें, भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन में युवाओं को तरजीह देने का फैसला लिया है. बीजेपी के संगठनात्मक चुनाव में इसकी झलक दिखाई देने की उम्मीद जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार पार्टी ने तय किया है कि जिलाध्यक्षों की आयु सीमा अधिकतम 55 वर्ष हो. इसके अलावा ज्यादातर मामलों में 40 से 50 आयु वर्ग के कार्यकर्ताओं को ही जिलाध्यक्ष के रूप में चुने जाने की रणनीति बनाई गई है.

यह भी पढ़ें : भाजपा संगठन चुनाव: युवाओं को मिलेगी जिलों में कमान