हैदराबाद: जहां एक ओर पूरा देश गर्मी की मार झेल रहा है और मानसून के बरसने का इंतजार कर रहा है, वहीं हाल ही में एक खुश खबरी आई थी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने निकोबार द्वीप समूह में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग की मानें तो मानसून जल्द ही देश में भी दस्तक देने वाला है. बता दें कि मानसून ने निकोबार द्वीप समूह में 19 से 21 मई से बीच दस्तक दी थी. यहां हम बताने जा रहे हैं कि भारत के किस राज्य में यह कब तक पहुंचेगा.
मौसम विभाग की मानें तो मानसून 1 जून तक देश के केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु राज्य में एंट्री मार सकता है, जोकि इसकी सामान्य तारीख बताई जा रही है. इसके अलावा कर्नाटक, गोवा, असम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में यह 5 जून तक दस्तक दे सकता है.
मौसम विभाग की माने तो तेलंगाना, सिक्किम और महाराष्ट्र में सामान्य तौर पर 10 जून तक मानसून का प्रवेश हो जाता है. इसके अलावा 15 जून तक इसके झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, गुजरात और मध्य प्रदेश तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
राज्यों के नाम | अनुमानित तारीख |
केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु | 1 जून 2024 |
कर्नाटक, गोवा, असम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश | 5 जून 2024 |
तेलंगाना, सिक्किम, महाराष्ट्र | 10 जून 2024 |
झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश | 15 जून 2024 |
उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखंड | 20 जून 2024 |
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान | 30 जून 2024 |
इसके बाद मानसून आगे बढ़ते हुए 20 जून तक उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों और गुजरात के बचे हुए हिस्सों में प्रवेश कर सकता है. इस दौरान 25 जून तक मानसून लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के बचे हुए हिस्सों पर भी बरस सकता है.
इसी समय के दौरान इसके उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश के बचे हुए हिस्सों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार मानसून के 30 जून तक पहुंचने की संभावना है, जबकि राजस्थान के बचे हुए इलाकों में यह 5 जुलाई तक पहुंच सकता है.
पढ़ें: दिल्ली का मौसम: मई के आखिर तक सताएगी उमस भरी गर्मी, जून में होने वाली है झमाझम बारिश, नोट कर लीजिए तारीख |