राजाखेड़ा (धौलपुर). जिले के राजाखेड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में गांधी चबूतरे पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को गत रात्रि अज्ञात शरारती तत्वों ने तोड़कर खंडित कर दिया. वहीं जब सोमवार को मामले की सूचना स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन को दी तो आनन-फानन में पालिका प्रशासन ने महात्मा गांधी की खंडित प्रतिमा को अखबार से ढक दिया. अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के एक हाथ को तोड़कर प्रतिमा को खंडित कर दिया है.
अक्टूबर में विधायक रोहित बोहरा ने किया था लोकार्पणः राजाखेड़ा कस्बे के मुख्य बाजार स्थित गांधी चबूतरे पर स्थानीय नगर पालिका प्रशासन द्वारा गत वर्ष महात्मा गांधी की नवीन प्रतिमा स्थापित की गई थी. जिसके बाद विधायक रोहित बोहरा ने 2 अक्टूबर, 2022 को प्रतिमा का लोकार्पण किया था. शरारती तत्वों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा को खंडित किए जाने से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश बना हुआ है.