ऊना: जिला ऊना के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर प्रवास के दूसरे और अंतिम दिन सबसे पहले उत्तरी भारत के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में नतमस्तक (Anurag Thakur at Maa Chintpurni Temple) होकर माता की पवित्र पिंडी के दर्शन किये. इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने गगरेट भाजपा मंडल के विभिन्न मोर्चों प्रकोष्ठों के साथ दौलतपुर चौंक स्थित विश्राम गृह में बैठकें की. सबसे पहले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा घरों से लाये गए खाने का स्वाद चखा और महिला कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर टिप्स दिए.
इसके बाद अनुराग ठाकुर ने गगरेट मंडल भाजपा के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक (Anurag Thakur in UNA) की. इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, इन योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचे इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस साल हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनाव में भाजपा फिर से सत्ता पर काबिज होग.
वहीं कांग्रेस द्वारा अग्निपथ योजना का विरोध किए जाने के सवाल का जवाब देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जनता को हाईकमान द्वारा किए गए भ्रष्टाचार का जवाब देने से बच रही है. एक तरफ ईडी और पूरा देश नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के नेताओं की जुबानी सच्चाई सुनना चाहता है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार की सच्चाई को छुपाने के लिए देशभर में अराजकता का माहौल खड़ा कर रहे हैं.