नई दिल्ली : 2019 के अंतिम महीनों में एक काली छाया की तरह पूरी दुनिया पर छा जाने वाले कोविड-19 का प्रकोप हमारे देश में भी लगातार बढ़ रहा था और 17 जुलाई 2020 को इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर गई. बीमारी के प्रसार का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि संक्रमितों की संख्या को नौ लाख से दस लाख तक पहुंचने में मात्र तीन दिन का समय लगा.
अन्य घटनाओं की बात करें तो देश के इतिहास में 17 जुलाई का दिन महिलाओं के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही वह दिन है जब 1948 में महिलाओं को भी प्रशासनिक सेवा और पुलिस सेवा सहित तमाम सार्वजनिक सेवाओं के लिए होने वाली परीक्षाओं में भाग लेने की पात्रता मिली. इससे पहले तक इन सेवाओं पर सिर्फ पुरूषों का अधिकार था.
देश और दुनिया के इतिहास में 17 जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1489 : निजाम खान को सिकंदर शाह लोदी द्वितीय के नाम से दिल्ली का सुल्तान घोषित किया गया.
1549 : यूरोपीय देश बेल्जियम के घेंट इलाके से यहूदियों को निकाला गया.
1712 : इंग्लैंड, पुर्तगाल और फ्रांस ने युद्वविराम संधि पर हस्ताक्षर किए.
1850 : हार्वर्ड वेधशाला ने तारे का पहला फोटोग्राफ लिया.
1893 : इंग्लैंड के आर्थर श्रेव्सबरी टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बने.
1919 : यूरोपीय देश फिनलैंड में संविधान को स्वीकृति प्रदान की गई.