नई दिल्ली: देश के अस्पतालों में महिला डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन गया है. हाल ही में कोलकाता के आरजीकर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेप और हत्या की घटना ने इस विषय को नई ऊंचाई दी है, जिसके बाद दिल्ली में डॉक्टरों ने सुरक्षा को लेकर धरना प्रदर्शन और हड़ताल किया. इस संदर्भ में, दिल्ली एम्स ने एक पहल की है, जिसमें महिला डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
कार्यक्रम का उद्देश्य और विशेषताएं
दिल्ली पुलिस की विशेष पुलिस इकाई महिला और बच्चों के लिए (SPUWAC) ने नई दिल्ली के AIIMS में इस आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की मेज़बानी की. इस पहले बैच में 100 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें महिला डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, रिसर्चर और साइंटिस्ट शामिल हैं. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के व्यक्तिगत सुरक्षा कौशल को बढ़ाना और उन्हें आत्मविश्वास प्रदान करना है.
आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल: प्रतिभागियों को दैनिक जीवन की वस्तुओं, जैसे डुपट्टा, पेन, और हैंडबैग का उपयोग करके आत्मरक्षा के तरीके सिखाए गए. इसका उद्देश्य महिलाओं को यह बताना है कि उनके पास हमेशा अपने बचाव के लिए साधन होते हैं.
कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन की जानकारी: कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों और आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन की जानकारी दी गई.