नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत झोंकती हुई नजर आ रही है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का थीम सोंग लॉन्च किया. इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक भी मौजूद रही. लॉन्च के दौरान कांग्रेस नेता थीम सॉन्ग पर नाचते हुए नजर आए.
"अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कांग्रेस नेताओं के साथ आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस पार्टी का थीम सॉन्ग लॉन्च किया. यह थीम सॉन्ग न केवल चुनाव कैंपेन के लिए है बल्कि बल्कि हर दिल्लीवासी को कांग्रेस के नेतृत्व में एक बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बंधाता है." -देवेंद्र यादव, अध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी-
कांग्रेस के सभी सॉंग दिल जीतने वाले हैं:कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा,"चाहे 'भारत जोड़ो यात्रा' का थीम सॉन्ग' हो, 'दिल्ली न्याय यात्रा' का थीम सॉन्ग हो या दिल्ली विधानसभा चुनाव का 'थीम सॉन्ग' हो, यह दिल जीतने वाला है. दिल्ली में हम प्रचार के लिए जाते हैं, तो लोग हमारे थीम सॉन्ग की लाइन गुनगुनाते हैं, क्योंकि ये सिर्फ शब्द नहीं हैं, बल्कि ये कांग्रेस की कार्यशैली दिखाते हैं. आज कांग्रेस की गारंटियां दिल्ली में हर व्यक्ति तक पहुंच रही हैं. होगी हर जरूरत पूरी, कांग्रेस है जरूरी."