गोंडा : जिले में रविवार को भारतीय कुश्ती संघ के निलंबित राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में एजीएम की बैठक आयोजित की गई. जिसमें कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष, सुरेश चंद्र उपाध्याय को महासचिव चुना गया. सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर भारतीय कुश्ती संघ के संजय सिंह ने मिठाई खिलाकर बधाई दी.
उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ का चुनाव सेवानिवृत न्यायाधीश अनिल कुमार सिंह के निगरानी में कराया गया. संघ के निलंबित राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा. प्रस्ताव पर सभी ने समर्थन किया. चुनाव में करण भूषण प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष, सुरेश चंद्र उपाध्याय को महासचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर संजय कुमार सिंह और उपाध्यक्ष पद पर विजय शंकर यादव, जयप्रकाश शर्मा, सुनील राजपूत, आदित्य प्रताप और आनंद देव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए.
जॉइंट सेक्रेटरी के दो पदों पर चंद्र विजय सिंह और छतर सिंह, कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए अखंड वीर सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए. इस बैठक में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की तरफ से पांच एजीएम भी चुने गए हैं. इस चुनाव में ओलंपिक एसोसिएशन की तरफ से प्रमेन्द्र सिंह और भारतीय कुश्ती संघ द्वारा नामित एसपी देशवाल पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे.