भोपाल। सीनियर आईएएस संजय बंदोपाध्याय मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव बन सकते हैं. केंद्र सरकार में इनलैंड वॉटरवेज अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष संजय बंदोपाध्याय को मोदी कैबिनेट की नियुक्त समिति ने तत्काल प्रभाव से उन्हें उनके मूल कैडर मध्यप्रदेश भेजने की मंजूरी दे दी है. माना जा रहा है कि बंदोपाध्याय मध्य प्रदेश में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. बंदोपाध्याय 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.
मध्य प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस है बंदोपाध्याय
संजय बंदोपाध्याय मध्य प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं. वह भारत सरकार में 17 जुलाई 2018 को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे. वह मूलता भोपाल के ही रहने वाले हैं. उनके मध्य प्रदेश लौटने के बाद उन्हें अगला मुख्य सचिव बनाए जाने की चर्चा जोरो पर चल पड़ी है. फिलहाल मध्य प्रदेश में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी 1988 बैच की अधिकारी वीरा राणा निभा रही हैं. वे इसी साल मार्च में रिटायर्ड होने जा रही हैं. वैसे मुख्य सचिव पद की रेस में सीनियर आईएएस अनुराग जैन, मोहम्मद सुलेमान, राजेश राजौरा और एसएन मिश्रा भी हैं. हालांकि इन सभी अधिकारियों में सबसे सीनियर संजय बंदोपाध्याय ही हैं.
यदि वे मुख्य सचिव बनते हैं, तो किसी भी सीनियर आईएएस अधिकारी को प्रदेश से बाहर नहीं जाना होगा. आमतौर पर जब भी जूनियर बैच के अधिकारी को मुख्य सचिव बनाया जाता है तो उसे सीनियर आईएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले जाते हैं.
मतगणना की ठीक पहले वीरा राणा को मिली थी जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बेस के रिटायरमेंट के बाद मतगणना के ठीक पहले 1988 बैच की आईएएस अधिकारी वीरा राणा को राज्य के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था. मध्य प्रदेश के इतिहास में निर्मला बुच के बाद मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का पद संभालने वाली वे दूसरी महिला अधिकारी हैं. मूलत उत्तर प्रदेश की रहने वाली वीरा राणा इस साल मार्च माह में रिटायर्ड हो जाएंगी.