भोपाल। हिमालय में हुई बर्फबारी से शहर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी भोपाल में बीते दो रातों से धीरे-धीरे गिर रहे पारे ने शुक्रवार को डेढ़ डिग्री का गोता लगाया है, जिससे इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया है.
बता दें कि गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, इससे पहले भी 10 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री तक पहुंच गया था. शुक्रवार शाम अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा है. वहीं रविवार से प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना बनी हुई है.
वहीं मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी और आसमान पर मध्यम स्तर के बादल बने हुए हैं. इसके अलावा हवा का रुख परिवर्तनशील है, इस वजह से अभी ज्यादा ठंड नहीं पड़ रही है, लेकिन बर्फबारी की वजह से आई बर्फीली हवाओं ने तापमान में गिरावट लाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में ठंड आने वाले समय में बढ़ जाएगी.