कांगड़ाः कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश शर्मा ने जयराम सरकार व प्रदेश भाजपा से केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर जवाब देने की खुली चुनौती दी है. उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया है कि नगर निगम चुनाव में जनता को जवाब दें कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर धर्मशाला की जनता को क्यों ठगा जा रहा है.
डॉक्टर राजेश शर्मा ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई भाजपा बताए कि 3 साल से ज्यादा का समय प्रदेश में भाजपा सरकार को हो चुका है. बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि चयन क्यों नहीं हो पाया है.
भाजपा के खिलाफ एबीवीपी क्यों कर रही आंदोलनः कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि धर्मशाला में आज भी अन्य विभागों के भवनों में केंद्रीय विश्वविद्यालय क्यों चल रहा है. भाजपा जवाब दे कि उनकी अपना ही संगठन एबीवीपी उनके खिलाफ क्यों आंदोलन कर रहा है.
कांगड़ा की जनता से भेदभाव का आरोप
केंद्रीय विश्वविद्यालय में 1 साल तक नियमित कुलपति, रजिस्ट्रार व परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति क्यों नहीं हो पाई है. केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के अस्तित्व को खत्म करने का जयराम सरकार क्यों प्रयास कर रही है. क्या यह कांगड़ा की जनता से भेदभाव नहीं है. क्या हिमाचल प्रदेश की नई पीढ़ी को शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने से रोकने का यह षड्यंत्र नहीं है.
2022 में भी सत्ता से बाहर होगी भाजपा
डॉक्टर शर्मा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भाजपा को हर सवाल का जवाब देने के लिए कड़ी चुनौती दी है. डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा इन सवालों का जवाब नहीं देगी तो जनता उन्हें नगर निगम चुनावों में इन सवालों का जवाब देकर नगर निगम ही नहीं 2022 में भी सत्ता से बाहर जाने का संदेश देगी.
ये भी पढ़ें: कांगड़ा के रहने वाले राकेश हरिद्वार के महाकुंभ में गरीबों को करा रहे भोजन