चंडीगढ़: लॉकडाउन4.0 के दौरान केंद्र सरकार ने घरेलू विमानों को उड़ान भरने की अनुमति दी गई थी. जिसको लेकर गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 10 फ्लाइटस का संचालन किया गया. इनमें 5 फ्लाइट्स दूसरे शहरों से चंडीगढ़ पहुंची और 5 फ्लाइट्स को चंडीगढ़ से दूसरे शहरों के लिए रवाना किया गया.
इसके अलावा 3 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया था, जबकि दो फ्लाइट का संचालन नहीं किया गया. इंडिगो की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में 68 लोग चंडीगढ़ पहुंचे. वहीं एयर इंडिया की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में 85 लोग पहुंचे. विस्तारा एयर की फ्लाइट में 75 लोग चंडीगढ़ पहुंचे.
इसके अलावा बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट में 125 और इंडिगो की फ्लाइट में 124 लोग चंडीगढ़ पहुंचे, जबकि इंडिगो की चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में 97 लोग, एयर इंडिया की फ्लाइट में 90 लोग और विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में 48 लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. एयर एशिया की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट में 18 लोग और इंडिगो की फ्लाइट में 41 लोग चंडीगढ़ से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए.
वहीं चंडीगढ़ से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया था. इसके अलावा एयर इंडिया की चंडीगढ़ से दिल्ली और चंडीगढ़ से धर्मशाला जाने वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया. वहीं एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट और एयर इंडिया की चंडीगढ़ से लेह जाने वाली फ्लाइट का संचालन नहीं किया गया.