नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को झारखंड विधानसभा के शाम तक के रुझानों व परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी राज्य की जनता के जनादेश का सम्मान करती है.
अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, 'हम झारखंड की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हैं. भाजपा को पांच वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था, उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं. भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी. सभी कार्यकर्ताओं का उनके अथक परिश्रम के लिए अभिनंदन.'

पढ़ें- झारखंड चुनाव परिणाम : क्या इन कारणों से पिछड़ी भाजपा ?
उल्लेखनीय है कि 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव की मतगणना में शाम पांच बजे तक घोषित चुनाव परिणाम को भाजपा 25 सीटें मिलती प्रतीत हो रही हैं. भाजपा को 2014 में 37 सीटें मिली थीं. दूसरी तरफ हेमंत सोरेने की पार्टी जेएमएम व उसके गठबंधन को पूर्ण बहुमत के साथ लगभग 47 सीटों पर जीत मिलती दिखाई दे रही है.