उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

By

Published : Oct 19, 2021, 1:02 PM IST

Updated : Oct 19, 2021, 1:09 PM IST

ETV Bharat / state

कांग्रेस का महिला सम्मेलन: प्रियंका गांधी से महिलाएं कहेंगी अपने 'मन की बात'

राजधानी लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित महिला सम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शिरकत करेंगी. प्रदेशभर से मुख्यालय पर महिलाओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है. काफी संख्या में महिलाएं यहां पहुंच चुकी हैं.

कांग्रेस का महिला सम्मेलन
कांग्रेस का महिला सम्मेलन

लखनऊ: कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित महिला सम्मेलन में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी शिरकत करेंगी. प्रदेशभर से मुख्यालय पर महिलाओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है. काफी संख्या में महिलाएं यहां पहुंच चुकी हैं. मौसम खराब है, भारी बारिश भी हो रही है लेकिन इस बारिश में भी जोश और उत्साह के साथ महिलाएं आ रही हैं.

प्रियंका गांधी आज महिलाओं के मन की बात सुनेंगी, उनकी शिकायतें सुनेंगी, उनका समाधान करने का प्रयास करेंगी. इसके अलावा महिलाएं इस बार अपनी महिला नेता से विधानसभा चुनाव में टिकट की भी मांग करने वाली हैं. प्रियंका गांधी इस सम्मेलन में महिलाओं को लेकर कोई बड़ा एलान भी कर सकती हैं. 'ईटीवी भारत' ने प्रदेश भर के विभिन्न हिस्सों से महिला सम्मेलन में शिरकत करने आईं तमाम महिलाओं से बात की.

ईटीवी भारत' से बोलीं महिलाएं.

कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित महिला सम्मेलन में गोंडा से तमाम महिलाओं को साथ लेकर शिरकत करने आईं गोंडा की जिलाध्यक्ष रमा कश्यप काफी खुश हैं. उनका कहना है कि हमारी नेता प्रियंका गांधी महिला हैं. इसलिए महिलाओं को इज्जत मिल रही है. आज बहुत अच्छा लग रहा है. महिलाओं के लिए सबसे बड़ी बात है कि आज दीदी हम महिलाओं की मीटिंग ले रही हैं और महिलाओं के अंदर इस समय जोश खरोश बहुत ज्यादा है. इस बार निश्चित तौर पर महिलाओं को तरजीह मिलेगी. कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का बोलबाला है.

इसे भी पढ़ें-आज प्रदेश भाजपा के दूसरे सामाजिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे CM योगी, संघ भी करेगा बड़े आयोजन का एलान

आजमगढ़ से बारिश में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचीं प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा भारती का कहना है कि जोश और उत्साह में इस बार कोई कमी नहीं है, क्योंकि इसकी वजह प्रियंका गांधी हैं. आज बहुत अच्छा लग रहा है. प्रियंका गांधी हम लोग के लिए इतना सराहनीय कदम उठा रही हैं. उसके लिए हम बहुत आभारी हैं. इस बार चुनाव में महिलाओं को तरजीह जरूर मिलेगी और टिकट भी जरूर मिलेगी. हम भी आजमगढ़ से तैयारी कर रहे हैं और प्रियंका गांधी हमें जरूर टिकट देंगी. हम जीतेंगे भी.

मिर्जापुर के मड़िहान से प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित महिला सम्मेलन में पहुंचीं रेनू गौतम को पूरी उम्मीद है कि इस बार प्रियंका गांधी उन्हें टिकट जरूर देंगी. उनका साफ कहना है कि हम सम्मेलन में शिरकत करने आए हैं. यहां टिकट की भी मांग करेंगे. मड़िहान से टिकट मांग रहे हैं. वैसे प्रियंका जी जहां से टिकट देंगी, वहीं से चुनाव लड़ जाएंगे.

रेनू गौतम का कहना है कि यह जरूर है कि पूर्वांचल में ललितेश पति त्रिपाठी और उस परिवार का अपना जलवा है. उनके कांग्रेस पार्टी छोड़ने से कांग्रेस पार्टी को इसका नुकसान हो सकता है. वह घराना 100 साल से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ा था, लेकिन अब हम कांग्रेस को खड़ा करेंगे. हमारा परिवार पिछले 50 साल से कांग्रेस के साथ ही जुड़ा है. लगातार हम लोगों के बीच रहते हैं. उनकी मदद करते हैं. प्रियंका गांधी हमें टिकट देंगी तो हम जीत कर दिखाएंगे.

अयोध्या के बीकापुर विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे प्रदेश उपाध्यक्ष मधु पाठक को भी उम्मीद है कि महिला होने के नाते इस बार कांग्रेस पार्टी में महिलाओं को पूरा सम्मान मिलेगा. उन्हें प्रियंका गांधी टिकट भी जरूर देंगी. उनका कहना है कि अगर दीदी ने टिकट दिया तो हम बीकापुर से चुनाव जीतकर जरुर दिखाएंगे. इस बार कांग्रेस पार्टी का परचम फहराएगा. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी और प्रियंका गांधी मुख्यमंत्री होंगी.


बलिया से कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं सोनम बिंद का कहना है कि बहुत अच्छा लग रहा है. हम लोग दीदी के साथ जुड़े हैं. हमारा समाज भी जुड़ा है. हम लोगों को बहुत अच्छा लग रहा है. इस बार हम मोदी सरकार को और योगी सरकार को जड़ से उखाड़ कर फेंकने का काम करेंगे. युवाओं की, महिलाओं की, किसानों की समस्याएं दिन पर दिन बढ़ती जा रही हैं. हम एक गांव से आते हैं और महिलाओं की समस्याएं सुनते हैं. विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही हूं. मैं विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी को उखाड़ कर फेंक दूंगी. दीदी हमारे सर पर हाथ रखी हैं, मेरे लिए यही काफी है. चुनाव लडूंगी और जरूर जीतूंगी.

बदायूं से तमाम महिलाओं के साथ पहुंचीं वैश्णवी पटेल भी प्रियंका गांधी से मुलाकात को लेकर काफी खुश हैं. उनका कहना है कि अपने मन की बात प्रियंका गांधी से कहेंगे. उन्हें उम्मीद है कि प्रियंका गांधी महिलाओं की आवाज जरूर सुनेंगी. उनकी मन की बात सुनेंगी और टिकट में इस बार निश्चित तौर पर प्रियंका गांधी महिलाओं को तरजीह देंगी.

Last Updated : Oct 19, 2021, 1:09 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details