मंडी: जिला मंडी में सीएम की जनसभा को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जिस भी मुख्यमंत्री का साथ दिया, उसने उन्हें पछाड़ने का ही प्रयास किया. महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपना यह दर्द गुरुवार को बरोटी में आयोजित एक जनसभा के दौरान जाहिर किया.
बता दें कि महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जयराम ठाकुर से पहले जो मुख्यमंत्री रहे उनके साथ उन्हें काम करने का मौका मिला. महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में रहे मुख्यमंत्रियों को कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग दिया, लेकिन कुछ एक नेताओं ने उन्हें पछाड़ने की कोशिश की. महेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसा होने पर भी धर्मपुर की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया है. महेंद्र सिंह ने जयराम ठाकुर को विश्वास दिलाया कि धर्मपुर की जनता अब उनके साथ कई वर्षों तक चलती रहेगी.
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व में रहे मुख्यमंत्री पांच वर्षों में सिर्फ एक बार धर्मपुर आते थे, लेकिन आज सीएम अपने घर का होने से धर्मपुर के विकास को नई गति मिली है. धर्मपुर जैसे छोटे से क्षेत्र में तीन मिनी सचिवालय खुले हैं और इसका श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जाता है.
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि उनका विभाग अब सिंचाई योजनाओं पर अधिक ध्यान देगा. उन्होंने बताया कि बरोटी क्षेत्र के खेतों को सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए 62 करोड़ की योजना को जल्द शुरू किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: बिना भूमि अधिग्रहण के गलत दिशा में बना दिया पुल, बीच सड़क पर आ गया मकान