सोलन: प्रदेश सरकार ने कैबिनेट बैठक में मंडी, पालमपुर और सोलन को नगर निगम बनाने पर मुहर लगा दी है. इससे समस्त जिला सहित शहर में खुशी की लहर है. सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नगर निगम संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश पंत ने कहा कि वह काफी लंबे समय से सोलन को नगर निगम बनाने के लिए काम कर रहे हैं.
नगर निगम संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश पंत ने कहा कि वह 2017 में ही सोलन को नगर निगम बनाने की नींव रखी गई थी. इस दौरान कई दिक्कतें भी सामने आई थी, लेकिन नगर निगम संघर्ष समिति ने हार नहीं मानी. राकेश पंत ने कहा कि नगर निगम बनाने के लिए सबसे पहले शहर के सभी वार्डों में लोगों ने नगर निगम बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया था, जिसमें लोगों ने 2017 से ही नगर निगम बनाने के लिए साथ देना शुरू कर दिया था.
नगर निगम बनाने के लिए सोलन के लोगों ने सीएम को भी पोस्ट कार्ड के जरिए पत्र भेजे थे, जिसमें लोगों ने मुख्यमंत्री से नगर निगम बनाने की मांग रखी थी. वहीं, अब जिस तरह से प्रदेश सरकार ने कैबिनेट बैठक के दौरान सोलन को नगर निगम बनाने पर मुहर लगा दी है. इसके लिए सोलन नगर निगम संघर्ष समिति सरकार का आभार व्यक्ति कर रही है.
प्रदेश में पहले सिर्फ धर्मशाला और शिमला में ही नगर निगम थी, लेकिन अब प्रदेश में दूसरी बड़ी नगर निगम सोलन बनने वाली है. नगर निगम संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने कहा कि सोलन के नगर निगम बन जाने से सोलन में विकास की नई रफ्तार देखने को मिलने वाली है.
नगर निगम संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने कहा कि भले ही नगर निगम बन चुका हो, लेकिन नगर निगम संघर्ष समिति जारी रहेगी, उन्होंने कहा कि नगर निगम में अगर किसी भी तरह की परेशानी किसानों को होती है या लोगों को होती है उसके खिलाफ नगर निगम संघर्ष समिति आवाज उठाएगी.
ये भी पढ़ें- पर्यावरण प्लान पर ऊना ADC ने की बैठक, बोले: NGT ने हर जिले का प्लान बनाने का दिया आदेश