मेरठ :संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया है. मेरठ के भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में 50 से अधिक चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ किसान दिल्ली के रामलीला मैदान रवाना हुए हैं.
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज दिल्ली के रामलीला मैदान में पूरे देश के किसान अपने मुद्दों को लेकर जुटेंगे. भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता मेरठ जिले से दिल्ली के लिए कूच कर गए हैं. जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने ईटीवी भारत को बताया कि '54 चार पहिया वाहनों से सैकड़ों किसान यहां से रामलीला मैदान के लिए निकले हैं. जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सबसे पहले जिले भर से भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता सिवाया टोल प्लाजा पर एकत्र हुए, उसके बाद टोल प्लाजा से काफिले के साथ एक साथ दिल्ली की तरफ कूच कर गए. इस मौके पर सिवाया टोल प्लाजा पर किसानों ने नारेबाजी भी की. गौरतलब है कि कृषि कानून वापसी के बाद अन्य मांगों पर सहमति न बनने से खफा किसानों ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान कर दिया है. एसकेएम की पूर्व में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि '20 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत की जाएगी.'