लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भले ही अभी कड़ाके की सर्दी (cold winter) नहीं शुरू हुई है, लेकिन कोहरे ने अपने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं. गुरुवार से घना कोहरा उत्तर प्रदेश के पूर्वी तथा पश्चिमी इलाकों में देखने को मिल रहा है. घने कोहरे के कारण सुबह के समय सूरज भी देर से दिख रहा है. इससे सुबह के समय हल्की ठंडक का एहसास जारी है. दिन में धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हो रहा है. ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग (meteorological department) के अनुसार अभी उत्तर प्रदेश मे आने वाले चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. गुरुवार को उत्तर प्रदेश का लखीमपुर खीरी सबसे अधिक ठंडा जिला रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रयागराज जिले का सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. कानपुर नगर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वाराणसी में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.