लखनऊ:सपा नेता चंद्रनाथ सिंह उर्फ सीएन सिंह की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी. सोमवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत तमाम सपा कार्यकर्ता सपा के पूर्व सांसद सीएन सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे. इस दौरान पुलिस प्रशासन ने लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने टोल टैक्स पर सभी को रोक दिया, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा.
पुलिस ने सपा प्रदेश अध्यक्ष को रोका, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा - सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत कई सपा कार्यकर्ताओं को रायबरेली जाने से रोक दिया गया. सपा कार्यकर्ता सोमवार को पूर्व सांसद सीएन सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे. पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर आक्रोशित सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमकर हंगामा किया.
![पुलिस ने सपा प्रदेश अध्यक्ष को रोका, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा etv bharat](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/768-512-8796815-307-8796815-1600081681599.jpg)
पुलिस प्रशासन ने सोमवार को लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बने टोल टैक्स पर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को रोक लिया. अध्यक्ष नरेश उत्तम के साथ सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन समेत तमाम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रायबरेली जाने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा. दरअसल, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व तमाम कार्यकर्ता प्रतापगढ़ पूर्व सांसद सीएन सिंह के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने रायबरेली और लखनऊ की सीमा पर बने टोल टैक्स पर रोक दिया. टोल टैक्स पर रोके जाने के बाद सपा कार्यकर्ता बिफर गए और हंगामा करना शुरू कर दिया.
इस दौरान सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन ने रायबरेली के महाराजगंज एसडीएम से कहा कि वह सिर्फ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आदेश मानेंगे. आज वह प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रतापगढ़ जरूर जाएंगे या फिर उन्हें जेल भेज दिया जाए. फिलहाल सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन समेत तमाम कार्यकर्ताओं को रायबरेली के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में रोका गया है.