उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

किसान आंदोलन के समर्थन में सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता

By

Published : Dec 14, 2020, 12:04 PM IST

Updated : Dec 14, 2020, 9:00 PM IST

कन्नौज जिला मुख्यालय
कन्नौज जिला मुख्यालय

19:05 December 14

अमेठी में सपाइयों ने लगाए सरकार विरोधी नारे

सपाईयों ने लगाए सरकार विरोधी नारे.

अमेठी: देश भर में बीते कई दिनों से कृषि कानून के विरोध में धरना प्रदर्शन चल रहा है. किसानों के आंदोलन के समर्थन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया. अमेठी के जिला मुख्यलाय पर सपा जिलाध्यक्ष छोटेलाल यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा.  

कलेक्ट्रेट रोड के पास स्थित सपा विधायक राकेश सिंह के आवास पर बड़ी संख्या में एकत्रित सपाइयों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. सपा जिलाध्यक्ष छोटेलाल यादव व विधायक प्रतिनिधि उमेश प्रताप सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कृषि कानून का विरोध किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से कृषि कानून को वापस लेने की मांग की. 

18:42 December 14

किसानों के समर्थन में सपाइयों ने किया चक्का जाम

किसानों के समर्थन में सपाइयों ने किया चक्का जाम.

गाजीपुर: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को किसान आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया. पूर्व पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में जुलूस गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन से होते हुए लंका पहुंचा. पुलिस ने जब जुलूस को रोका तो आक्रोशित सपाइयों ने बस स्टैंड के सामने चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया. 

18:38 December 14

सपा के MLC समेत जिला पंचायत अध्यक्ष हिरासत में

हिरासत में सपा एमएलसी.

कानपुर देहात:जिले में कृषि कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. इसके चलते जिला प्रशासन और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. झड़प के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा. दरअसल, जनपद के माती मुख्यालय में हजारों की तादाद में सपाई प्रदर्शन करने पहुंचे थे. इसके बाद पुलिस ने सपा एमएलसी समेत जिलापंचायत अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को हिरासत में ले लिया.

18:33 December 14

प्रदर्शन के दौरान गिफ्तार हुए सपाइयों को मिली रिहाई

गन्ना मूल्य बढ़ोतरी को लेकर धरने पर सपा कार्यकर्ता.

कुशीनगर: जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. गन्ना मूल्य बढ़ोतरी के साथ-साथ किसानों की स्थानीय समस्याओं को लेकर धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं से पुलिस बल की एक बार धक्का-मुक्की भी हुई. बाद में पुलिस प्रशासन ने सभी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कुछ ही देर में शाम होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया.

18:23 December 14

पुलिस सपाइयों को टांग रही थी, नेता ले रहे थे सेल्फी

सपा नेता ले रहे थे सेल्फी.

लखीमपुर खीरी: जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस उन्हें हिरासत में रही थी, लेकिन कार्यकर्ता उस दौरान सेल्फी ले रहे थे. ऐसी कई तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है.

कई जगह पर ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से कृषि कानून वापस लेने की मांग की. सपा के युवा नेताओं ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पोस्टर भी जलाए.

17:57 December 14

ज्ञापन देने जा रहे पूर्व मंत्री सहित 15 सपाई हिरासत में

डीएम को ज्ञापन देने के लिए जा रहे थे सपाई.

बलरामपुर: किसानों के समर्थन में प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने निकल रहे सपा के पूर्व मंत्री सहित 15 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. वहीं कई कार्यकर्ताओं को उनके आवास पर ही रोक दिया गया.  

सोमवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री डॉ. शिवप्रताप यादव की अगुवाई में सपा कार्यकर्ता डीएम को ज्ञापन देने के लिए जा रहे थे. सीओ सिटी वरुण कुमार ने शिवप्रताप से वार्ता की. बात न बनने पर ज्ञापन देने पर अड़े शिवप्रताप समेत 15 पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया. साथ ही कई कार्यकर्ताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद किया गया. 

17:44 December 14

कई सपा नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.

इटावा: जनपद में समाजवादी पार्टी के सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव और पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता और नेता इकट्ठे हुए. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वर्तमान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालांकि जिला प्रशासन ने पार्टी कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया था. 

सपाइयों ने कचहरी रोड पर पुलिस चक्र तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया. इस बाबत समाजवादी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि लोकतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है और ज्ञापन देने का अधिकार है, लेकिन जिला प्रशासन ने उनके इस अधिकार को छीना है. 

17:36 December 14

किसान कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ता हिरासत में

सपा कार्यकर्ता हिरासत में.

संत कबीर नगर: नए कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन और यात्रा निकाल रहे सपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है. सपा कार्यकर्ता तीनों विधानसभाओं से रैली निकालकर गांव-गांव जाकर किसान कानून के विरोध में किसानों से वार्ता करने के लिए निकल रहे थे. रैली के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में काफी नोंक-झोंक भी हुई. जिसके बाद पुलिस सभी कार्यकर्ताओं को गाड़ी में बिठाकर पुलिस लाइन से गई. हिरासत में लेने के दौरान सपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए.

17:31 December 14

कई प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ता हिरासत में

कई प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ता हिरासत में.

प्रयागराज: जिले में सपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के लिए जिला मुख्यालय जा रहे थे. सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक कर हिरासत में ले लिया. इस दौरान घण्टों तक कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोक-झोंक हुई. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद पुलिस लाइन भेज दिया.

17:19 December 14

सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय समेत सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में

सड़क पर सपाईयों का हंगामा.

मऊ:सपा के प्रायोजित प्रदर्शन का असर मऊ जिला मुख्यालय पर भी देखने को मिला. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रोक दिया. इसके बाद हाईवे के किनारे सरकार विरोधी नारे बाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा. भारी संख्या में पुलिस पहुंचकर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.

17:16 December 14

सपाइयों ने सड़क पर किया जमकर हंगामा

सपाईयों ने सड़क पर किया जमकर हंगामा.

अयोध्या: कृषि कानून के खिलाफ सपा के प्रायोजित प्रदर्शन में जिले में सपाइयों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया. सपा नेता किसी तरह का हंगामा न करें, इसके लिए सपा नेताओं के घर के बार पुलिस बल की तैनाती की गई है. सपाईयों को घर में रहने की हिदायत दी गई. बावजूद इसके सोमवार दोपहर बाद सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर इकट्ठा हुए. कार्यकर्ता इस दौरान विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग पर निकले, जहां पहले से मौजूद पुलिस बस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

17:00 December 14

धरना के दौरान सपा के पूर्व राज्य मंत्री हाजी तराबुदीन हुए बेहोश

पूर्व मंत्री की तबियत खराब.

बागपत: जनपद में किसानों के समर्थन में धरना प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हाजी तराबुदीन की तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद आनन फानन में पूर्व मंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. बता दें कि सुबह से ही सपा जिलाध्यक्ष और पूर्व मंत्री हाजी तराबुदीन के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे थे.

16:55 December 14

किसान आंदोलन के समर्थन में सपा कार्यकर्ता

किसान आंदोलन के समर्थन में सपा कार्यकर्ता.

मिर्जापुर: किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश भर में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं. मिर्जापुर में भी सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष देवी चौधरी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने जिला मुख्यालय पहुंचने से पहले ही कार्यकर्ताओं को रोक दिया. इससे नाराज होकर सपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मौके पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट को सपाईयों ने ज्ञापन सौपा. प्रदर्शन के चलते रमई पट्टी से जिला मुख्यालय तक घण्टों तक जाम लगा रहा.

16:50 December 14

पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने केंद्र सरकार पर कसा तंज

गांधी स्मारक पर सपाईयों का प्रदर्शन.

बरेली: कृषि कानून के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने गांधी स्मारक पर शान्तिपूर्ण ढंग से अहिंसात्मक रुख अपनाते हुए सोमवार को मौन धारण कर धरना दिया. इस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार से कृषि कानून को वापस लेने की मांग की है. इस मौके पर जिले भर के सपाई एकजुट हुए, जिनमें पूर्व मंत्री व पूत्व विधायक भी शामिल रहे. प्रदर्शन में मौजूद पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश का किसान और नोजवान सरकार को सबक सिखाएगा. 

16:43 December 14

पुलिस और सपाइयों के बीच हुई झड़प

सपा कार्यकर्ता हुए नजरबंद.

चंदौली: प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. आईजी विजय सिंह मीणा ने दीनदयाल नगर रेलवे गेस्ट हाउस को कैम्प कार्यालय बनाया है. वहीं समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है, जबकि मुख्यालय पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच गुत्थमगुत्थी देखने को भी मिली. 

16:37 December 14

सपा के साथ विभिन्न दलों ने भी किया किसानों का समर्थन

किसानों का प्रदर्शन जारी.

वाराणसी:सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को वरुणा पुल स्थित शास्त्री घाट और कचहरी पर अहिंसात्मक किसान धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने किसान आंदोलन का समर्थन किया. बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 18 दिनों से किसान दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं.

16:31 December 14

किसान नेताओं और पुलिस के बीच नोक-झोंक

मियांपुर स्थित मैदान में सपाईयों का प्रदर्शन.

जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव के आह्वान पर सपा कार्यकर्ताओं ने मियांपुर स्थित एक मैदान में धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधा. सपा के जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने संबोधन के दौरान कहा कि सरकार द्वारा लागू किया गया कृषि कानून किसानों के विरोध में है. उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होगी, वे किसानों के साथ हैं और आंदोलन में समर्थन देंगे.

16:24 December 14

अराजकता और अफरा-तफरी के साथ खाकी और सपाई

अजब तरीके से सपाईयों का प्रदर्शन.

सुलतानपुर: जिले में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कृषि कानून के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया. जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया. शहर भर में पुलिस फोर्स तैनात की गई. सपाईयों को नियंत्रित करने और हिरासत में लेने के दौरान पुलिसकर्मी व अफसरों को जमकर पसीना छूटाना पड़ा. इस दौरान शहर भर में अफरा-तफरी और अराजकता का माहौल देखा गया.

16:22 December 14

कृषि कानून के विरोध में सपाईयों का प्रदर्शन

धरने पर बैठे सपा कार्यकर्ता.

सोनभद्र:जिले की रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में सपाईयों को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो सपाईयों ने उग्र होकर हंगामा करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं सपा कार्यकर्ता लोढ़ी टोल प्लाजा के पास ही सड़क पर धरने पर बैठ गए. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.

16:02 December 14

सपा नेताओं ने सरकार को बताया किसान विरोधी

सपाईयों का प्रदर्शन.

लखनऊ: नए कृषि कानून के विरोध में सोमवार को सरोजिनी नगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहेअनुराग यादव के नेतृत्व में सपा नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप भी लगाया. सपा के पदाधिकारियों का कहना है कि निश्चित रूप से केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण किसान लगातार बेहाल हो रहा है. किसानों को काफी समस्या हो रही हैं, निश्चय ही वर्तमान सरकार किसान विरोधी है.

15:56 December 14

प्रदर्शनकारियों ने सीएम योगी का पुतला फूंका

कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका.

मथुरा:कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन को समर्थन देने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही सीएम योगी का पुतला फूंका. प्रदर्शन के दौरान ही सपा कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन के बीच नोंक-झोंक भी हुई. इसके बाद पुलिस ने कुल 24 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. इन पर धारा 144 के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जा रही है.

15:54 December 14

सपाईयों ने किसान बिल के विरोध में किया प्रदर्शन

किसानों के समर्थन में प्रदर्शन.

बांदा:नए कृषि कानून के विरोध में सोमवार को जिले में सपाईयों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता इकट्ठे हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वहीं सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर पुलिस का कड़ा पहरा देखने को मिला. जिला मुख्यालय पर भारी मात्रा में पुलिस बस तैनात रही.

15:47 December 14

धरने में शामिल होने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद

प्रदर्शनकारियों को किया गया नजरबंद.

सहारनपुर:नए कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन करने वाले कई सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया है. दरअसल, सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के लिए जिलाधिकारी मुख्यालय जा रहे थे, तभी रास्ते में ही पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया.

15:42 December 14

प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज

सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज.

हरदोई:जिले में सोमवार को किसान आंदोलन के समर्थन में राजनीतिक दल सपा, कांग्रेस और सुभासपा के नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें समाजवादी पार्टी के कई नेता घायल हुए हैं. सपा की पूर्व महिला सांसद ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है. 

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अर्कवंशी सहित तमाम कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया. वहीं राजनीतिक दलों के नेताओं ने पुलिस पर तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया है.

15:38 December 14

सपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता.

बाराबंकी: जिले में भी सपा कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरे हैं. सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नगर के छाया चौराहे पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई. पुलिस ने 50 से ज्यादा सपाईयों को हिरासत में लिया है. आक्रोशित सपाईयों का आरोप है कि उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से आवाज बुलंद नहीं करने दिया जा रहा है. 

15:32 December 14

सपा कार्यकर्ताओं को किया गया नजरबंद

किसान नेताओं का प्रदर्शन.

हमीरपुर:किसानों के समर्थन में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया. कलेक्ट्रेट स्थित गोल चबूतरे पर धरना देने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान उग्र सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस की धक्का-मुक्की भी हुई. सपाईयों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने सभी को परेड मैदान में नजरबंद कर दिया.

15:23 December 14

कृषि कानून के विरोध में सपा का प्रदर्शन

कई सपा नेता हिरासत में.

महोबा:पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी किसान आंदोलन की चिंगारी ने आग का रूप ले लिया है. जिले के आल्हा चौक स्थित अम्बेडकर पार्क में सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद दिखी. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है.

15:12 December 14

किसान नेताओं ने कलेक्ट्रेट पर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

किसान नेताओं का प्रदर्शन.

लखनऊ:नए कृषि कानून के विरोध में दिल्ली-हरियाणा बॉडर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में तमाम किसान संगठन सामने आए हैं. राजधानी में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के नेता व भारी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे. इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. 

इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू नेता गुरूमीत सिंह ने किया. किसान नेताओं ने अपनी मांगों के साथ डीएम को एक ज्ञापन सौंपा. उनकी मांग है कि सरकार को कृषि कानून वापस लेना चाहिए, जिससे किसानों का हित हो. बता दें कि कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों को सुरक्षाकर्मियों ने रोका. इस दौरान पुलिसकर्मियों और किसान नेताओं के  बीच में नोंकझोंक भी हुई.

15:07 December 14

सपा MLC आनंद भदौरिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सपा एमएलसी गिरफ्तार.

सीतापुर:समाजवादी पार्टी और भारतीय किसान यूनियन के प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय सहित अन्य तहसील मुख्यालयों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. जिले के मुख्य चौराहों समेत सपा पार्टी मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात है.  

बता दें कि किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदेश भर में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं. सीतापुर में भी सपा कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सपा एमएलसी आनंद भदौरिया सहित कई सपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.

14:51 December 14

किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे सपा कार्यकर्ता

डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे सपा कार्यकर्ता.

मुरादाबाद: किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार ने जो कृषि कानून पास किया है, वह किसानों के खिलाफ है. उनका कहना है कि किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ रखा है.

सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने कहा कि जब तक सरकार किसान कानून को वापस नहीं लेती है, तब तक सपा का धरना प्रदर्शन चलता रहेगा. बता दें कि सुरक्षा की दृष्टि से कलक्ट्रेट और कलक्ट्रेट की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है.

14:42 December 14

सपाईयों ने सरकार पर हठधर्मिता का लगाया आरोप

सपाईयों का धरना प्रदर्शन.

रायबरेली:किसान आंदोलन का समर्थन कर समाजवादी पार्टी सरकार को घेरने का काम कर रही है. सोमवार को प्रदेश के पूर्व मंत्री मनोज पांडेय के नेतृत्व में सपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के सुपर मार्केट में धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जिला प्रशासन भी इस मौके पर पूरी तरह से मुस्तैद रहा, जिससे किसी तरह की कोई अनहोनी नहीं हुई.

प्रदर्शन के दौरान मनोज पांडेय ने कहा कि सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़नी चाहिए और किसानों की मांगों को मानना चाहिए. बुंलेदखणड से लेकर कई जिलों में किसानों ने आत्महत्या की है. सरकार को शर्म आनी चाहिए. सरकार समर्थन मूल्य जरूर घोषित करती है, लेकिन उसका लाभ बिचौलियों को मिलता है.

14:06 December 14

जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे सपा कार्यकर्ता हिरासत में

डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे सपा कार्यकर्ता.

कौशांबी: किसान संगठनों द्वारा भारत बंद के ऐलान का असर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के गृह जनपद कौशांबी में भी देखने को मिल रहा है. किसानों नेताओं के प्रदर्शन और भारत बंद के ऐलान पर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. चप्पे- चप्पे पर पुलिस के जवान सुबह से ही मुस्तैद दिखाई दे रहे हैं.  

इसी बीच पुलिस की नजर से बचकर सपा कार्यकर्ता डीएम को ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है. सपा के जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव के मुताबिक, सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में लिया है.

13:55 December 14

किसान नेताओं को किया गया नजरबंद

रेलवे लाइन की सुरक्षा बढ़ी.

आगरा: कृषि कानून के विरोध में जिले में भी किसान नेताओं ने मुख्यालय को घेरने का ऐलान किया था. इसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रसाशन रात से ही अलर्ट मोड पर है. प्रदर्शनकारी किसान नेताओं की धर-पकड़ पुलिस ने सुबह से ही शुरू कर दी है. इस दौरान कई किसान नेताओं को नजरबंद किया गया है. एसपी सिटी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि प्रदर्शन में रेलवे लाइन रोकने की संभावना है, इसके लिए रेलवे लाइन पर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है. 

13:35 December 14

सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन गिरफ्तार

सपा नेता गिरफ्तार.

बलिया:समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन एवं तारिक अजीज को पुलिस ने नजरबंद किया है. दरअसल, ये लोग आज किसान कानून के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे. तभी रास्ते में ही सिकंदरपुर पुलिस ने मोहम्मद जियाउद्दीनय समेत कई सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लेकर नजर बंद किया.

13:25 December 14

सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में

जिला मुख्यालय पर सपाईयों ने किया प्रदर्शन.
जानकारी देते संवाददाता.

गोरखपुर:सपा कार्यकर्ता शहर के विभिन्न मार्गों पर मार्च निकालते हुए सफाई टाउन हाल के नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मी बाई पार्क में धरना प्रदर्शन करने पहुंच रहे थे. इस दौरान यहां भारी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ सपाईयों की झड़प हो गई. सपा कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे. इसके बाद कई सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.

13:18 December 14

डीएम कार्यालय के बाहर सपा कार्यकर्ताओं का चल रहा मौन प्रदर्शन

सपा के नेता और कार्यकर्ता मौन प्रदर्शन पर.

उन्नाव: किसान कानून के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मौन प्रदर्शन हो रहा है. प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौन साधकर चुपचाप बैठे हैं. साथ ही हाथों में तख्तियां और होर्डिंग लेकर किसान कानून का विरोध जता रहे हैं.

12:49 December 14

किसानों के आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

कलेक्ट्रेट पर पुलिस बल तैनात.

अमरोहा: किसानों के आंदोलन की चेतावनी के बाद जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा की दृष्टि से जिला कलेक्ट्रेट पर भारी मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया है. एसपी सुनीति ने रविवार सुबह ही कलेक्ट्रेट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. बता दें कि आज भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने कृषि कानून के विरोध में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी.

12:44 December 14

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष को पुलिस ने किया नजरबंद

सपाईयों को किया गया नजरबंद.

बागपत:सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर आज सपा नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से पहले से ही मुस्तैद थी. वहीं जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के लिए किसान धीरे-धीरे जुटना शुरू हो गए हैं. प्रदर्शन के मद्देनजर हाईवे पर बेरिकेडिंग और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान समेत कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया है. बिल्लू प्रधान ने नजरबंद किए जाने पर चुनौती दी है कि वे जिला मुख्यालय पर आएंगे और किसानों को अपना समर्थन देंगे.

12:32 December 14

सपा प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिला मुख्यालय पर पुलिस प्रशासन अलर्ट.

मथुरा: जिले में सपाईयों के प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. आगरा-दिल्ली राजमार्ग यमुना एक्सप्रेस-वे और जिला मुख्यालय पर भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस चौकसी के बाद भी किसानों ने प्रदर्शन जारी रखा, जिसके बाद कई सपा कार्यकर्ता और नेताओं को हिरासत में लिया गया.

बता दें कि कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन का 19वें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी है. भाकियू के आह्वान पर किसान पिछले 15 दिनों से अलग-अलग दिनों में धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम कर विरोध जताने में लगे हुए हैं. किसानों के आंदोलन को सपा ने भी समर्थन दिया है. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर हर जिले में सपा नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं. 

12:20 December 14

किसानों के समर्थन में आए सपाईयों को हिरासत में लिया गया

सपाईयों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन.

फिरोजाबाद:जिले में पुलिस की कड़ी चौकसी के बाद भी सपा ने किसान आंदोलन के समर्थन में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. हाथों में तख्तियां लेकर सपाईयों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. सपा नेताओं की मांग है कि सरकार किसान बिल को वापस ले, जिससे किसानों को उनकी फसल का भरपूर मूल्य मिल सके.

12:09 December 14

मुजफ्फरनगर में सपाईयों को पुलिस ने लिया हिरासत में

कई सपा नेता गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर: जिले में आज किसान आंदोलन के मद्देनजर भारत बंद को लेकर पुलिस प्रसाशन अलर्ट मोड़ पर दिखाई दे रहा है. वहीं किसानों के समर्थन में उतरे समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरो में दबिश देकर पुलिस गिरफ्तारी कर रही है. सपा के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी को उनके घर से हिरासत में लिया गया है. बता दें कि जिलाध्यक्ष के घर में धरना प्रदर्शन के लिए कई सपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है.

11:45 December 14

छावनी में तब्दील हुआ कन्नौज जिला मुख्यालय

मुख्यालय पर पुलिस बल तैनात.

कन्नौज: समाजवादी पार्टी और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मुख्य चौराहों समेत सपा पार्टी मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. इतनी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी और एसपी समेत अन्य अधिकारी मुख्यालय पर तैनात हैं. हालांकि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई सपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है.

Last Updated : Dec 14, 2020, 9:00 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details