उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

ETV Bharat / state

लखनऊ में 23/2 गोखले मार्ग होगा 'प्रियंका गांधी' का नया ठिकाना!

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का नया ठिकाना गोखले मार्ग स्थित आवास संख्या 23/2 होगा. 2 अक्टूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गोखले मार्ग स्थित 23/2 आवास में भी गईं थी. यह घर पूर्व राज्यपाल शीला कौल और उनके पति कैलाशनाथ कौल का है.

By

Published : Oct 7, 2019, 8:11 PM IST

प्रियंका गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव.

लखनऊ: 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी विपक्षी दलों पर भारी पड़े, इसके लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी राजधानी लखनऊ में ही डेरा डालेंगी. प्रियंका गांधी ने अपने लिए लखनऊ में ही नया ठिकाना ढूंढ लिया है. गोखले मार्ग स्थित आवास संख्या 23/2 प्रियंका गांधी का नया पता होगा.

जानकारी देते संवाददाता.

गोखले मार्ग स्थित ये वही घर है, जिसका गांधी परिवार से पुराना ताल्लुक है. ताल्लुकातों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू और राष्ट्रपिता स्व. महात्मा गांधी ने इस घर में ही बरगद का पेड़ रोपा था, जो आज भी मजबूती से खड़ा है. प्रियंका गांधी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर लखनऊ आईं थी तो वह भविष्य के अपने नए पते वाले घर पर भी कुछ देर के लिए गईं थी.

2 अक्टूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गोखले मार्ग स्थित 23/2 आवास में भी गईं थी. यह घर पूर्व राज्यपाल शीला कौल और उनके पति कैलाशनाथ कौल का है. शीला कौल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्यपाल रहीं थी. कैलाशनाथ कौल पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के साले थे. शीला कौल इंदिरा गांधी की मामी थीं. वहीं उनकी पुत्री दीपा कौल की चचेरी बहन इंदिरा गांधी थीं. दीपा कौल भी कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. इसी घनिष्ठता के चलते प्रियंका गांधी ने इसी घर को रणनीति बनाने और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती देने के लिए बेहतर स्थान मानते हुए चुना है.

बता दें कि अभी जब भी प्रियंका गांधी लखनऊ आती हैं तो उनके रुकने के लिए होटल के अलावा कोई विकल्प नहीं है. ऐसे में उन्हें लखनऊ से दिल्ली वापस लौटना पड़ता है, लेकिन 2022 का विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है. ऐसे में अब उन्हें लखनऊ में रहकर ही रणनीति बनानी है. लिहाजा प्रियंका गांधी ने अब लखनऊ में ही अपने लिए नया ठिकाना खोज लिया है. उसका फायदा भी कांग्रेसियों को मिलने की पूरी उम्मीद है, क्योंकि यहां पर अगर प्रियांका रुकेंगी तो कांग्रेसियों से आसानी से मिल सकेंगी और कांग्रेसी नेता भी अपनी बात रख सकेंगे, जिससे कांग्रेस मजबूत होगी.

ABOUT THE AUTHOR

...view details