उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

ETV Bharat / state

लखनऊ में शीला कौल का बंगला होगा प्रियंका गांधी का नया ठिकाना - up news

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जमीन मजबूत करने में लगी हैं. जिसके लिए अब वो दिल्ली से लखनऊ शिफ्ट होने जा रही हैं. प्रियंका लखनऊ में गोखले मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 23/2 में रह सकती हैं. ये बंगला पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल का है.

प्रियंका गांधी का लखनऊ में नया ठिकाना.
प्रियंका गांधी का लखनऊ में नया ठिकाना.

By

Published : Jul 2, 2020, 1:33 PM IST

Updated : Oct 4, 2022, 1:24 PM IST

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में मिशन 2022 को लेकर कांग्रेस की जमीन तैयार करने में जुटीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ में शिफ्ट होने जा रही हैं. राजधानी लखनऊ के गोखले मार्ग स्थित बंगला नंबर 23/2 कौल हाउस प्रियंका गांधी का नया पता हो सकता है. प्रियंका गांधी अभी तक दिल्ली के लोधी एस्टेट के 35 नंबर बंगले में रह रहीं थीं. लेकिन एसपीजी कवर हटाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने प्रियंका गांधी को लोधी एस्टेट का बंगला खाली करने का निर्देश दिया है.

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने और योगी आदित्यनाथ सरकार से मोर्चा लेने में लगीं प्रियंका गांधी लखनऊ के गोखले मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 23/2 कौल हाउस में रहने आ सकती हैं. यहीं से प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में मिशन 2022 को धार देंगी.

अजय कुमार 'लल्लू' ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार 'लल्लू' ने कहा कि कांग्रेस पार्टी डरने वालों में से नहीं है. यह सरकार प्रियंका गांधी के कामों से डरी हुई है. इसलिए इस तरह के काम कर रही है. बंगला खाली कराने का नोटिस भेज रही है. सरकार ने इससे पहले प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा हटा ली.

केंद्र सरकार पर निशाना साधते अजय कुमार 'लल्लू' ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार जनहित के विषयों को उठाती रहेंगी. बंगला खाली करवाने से किसी को किसी के दिल से नहीं निकाला जा सकता. प्रियंका गांधी तो उत्तर प्रदेश के सभी लोगों के दिलों पर निवास करती हैं. प्रियंका गांधी को लोगों के दिलों से सरकार कैसे निकालेगी. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल के आवास को प्रियंका गांधी के नए ठिकाना बनाए जाने के सवाल पर अजय कुमार 'लल्लू' ने कहा कि आने वाले समय में इन विषयों पर जरूर विचार होगा.

कौन हैं शीला कौल
राजधानी लखनऊ के गोखले मार्ग स्थित बंगला नंबर 23/2 पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी केंद्रीय मंत्री रहीं शीला कौल का है. शीला कौल पूर्व राज्यपाल भी रही हैं. इस समय 23/2 बंगले की देखरेख शीला कौल की बेटी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता दीपा कौल कर रही हैं. बता दें, कि प्रियंका गांधी इससे पहले भी जब उत्तर प्रदेश आती रही हैं तो इसी बंगले में विश्राम करती थीं. लेकिन अब इस बंगले को प्रियंका गांधी का स्थाई निवास बनाने की बात कांग्रेस पार्टी के नेताओं की तरफ से की जा रही है.

महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने रोपे थे पौधे
राजधानी लखनऊ के गोखले मार्ग स्थित इसी बंगले में देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी भी आया करते थे और इसी बंगले को अपना आश्रय स्थल बनाते थे. बता दें, कि महात्मा गांधी ने इसी बंगले में एक बरगद का पौधा रोपा था, जो आज एक विशालकाय वृक्ष के रूप में नजर आता है और इस बरगद की छाया बंगले पर पड़ती है. यही नहीं जवाहरलाल नेहरू ने भी इसी बंगले में एक आम और पीपल का पौधा लगाया था, जो अब पूरी तरह से वृक्ष बन गया है.

Last Updated : Oct 4, 2022, 1:24 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details