लखनऊः 16 जुलाई को अपने तीन दिवसीय दौरे पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी लखनऊ पहुंच रही हैं. पार्टी की तरफ से उनके कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. दो दिन तक प्रियंका गांधी प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर क्या-क्या करेंगी इसके बारे में जानकारी दी गई है. हालांकि तीसरे दिन का उनका कार्यक्रम क्या रहेगा, इस बारे में अभी पार्टी ने कोई घोषणा नहीं की है.
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी 16 जुलाई को एक बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचेंगी. इसके बाद 1:05 पर एयरपोर्ट से हजरतगंज के जीपीओ के लिए रवाना होंगी. 1:30 से लेकर 1:40 तक उनका कार्यक्रम गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण का है. 1:45 पर प्रियंका गांधी जीपीओ से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय के लिए रवाना होंगी.
दोपहर दो बजे प्रियंका गांधी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगी. इसके बाद दोपहर 2 बजे से लेकर शाम सात बजे तक प्रियंका गांधी पार्टी ऑफिस में पदाधिकारियों, फ्रंटल और संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगी. इसके बाद प्रियंका गांधी दूसरे दिन सुबह 10:20 पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पहुंच जाएंगी. सुबह 10:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक लगातार पार्टी मुख्यालय पर बैठकों का दौर जारी रहेगा.
तीसरे और आखिरी दिन प्रियंका गांधी का क्या शेड्यूल रहेगा, इस बारे में अभी तक पार्टी ने कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर सकती हैं. इनमें आजमगढ़ प्रमुख रूप से शामिल है. इसके अलावा वह बेरोजगार नवयुवकों के प्रतिनिधिमंडल और कोविड में नौकरी से हाथ धो चुके युवाओं से मुलाकात कर सकती हैं, साथ ही समाजसेवियों और गैर सरकारी संगठनों के साथ भी उनकी मुलाकात हो सकती है. इसके अलावा 17 जुलाई को कांग्रेस का महंगाई को लेकर प्रदेश व्यापी प्रदर्शन है, उसमें भी प्रियंका गांधी हिस्सा ले सकती हैं. पढ़ें-यूपी की सियासी जमीन पर पसीना बहाने को प्रियंका तैयार, पार्टी नेताओं को परंपरा पर भरोसा बरकरार
बता दें कि उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी फरवरी माह में विधानसभा चुनाव होने हैं. देश की राजनीति में अहम उत्तर प्रदेश हर पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है. ऐसे में छोटे क्षेत्रिय दल जहां गठबंधन कर चुनावी मैदान में आने की तैयारी में हैं, वहीं सपा और बसपा के साथ कांग्रेस अपना जनाधार बनाने के लिए जोर आजमाइश शुरू कर दी है. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवैसी, आप नेता संजय सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश दौरे पर आने वाली हैं. ऐसे में प्रदेश की राजनीति में चुनावी हवा जोर पकड़ रही है.