लखनऊ: भाजपा के माइक्रो डोनेशन अभियान में तय लक्ष्य को पाने में भाजपा के ज्यादातर मंत्री फेल हो गए हैं. भाजपा के 52 मंत्रियों में से केवल नौ ने ही अब तक तय लक्ष्य को प्राप्त किया है. इनके नामों को महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सोशल मीडिया पर प्रचारित किया है. लक्ष्य हासिल करने वालों में प्रदेश के नौ और केंद्र के तीन मंत्री शामिल हैं. प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री के अलावा सात अन्य मंत्री माइक्रो डोनेशन के कम से कम 6000 लोगों को जोड़ने के अभियान को सफल बना पाए हैं.
बीजेपी के माइक्रो डोनेशन अभियान का आगाज करीब डेढ़ महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश में और केंद्रीय स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था. इस अभियान में सभी पदाधिकारियों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए. केंद्रीय मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के लिए छह हजार लोगों को जोड़ने का टारगेट फिक्स किया गया.
इस अभियान में जोश और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश में महामंत्री संगठन सुनील बंसल समय-समय पर कुछ नामों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से प्रचारित करते रहते हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश और केंद्र के 12 मंत्रियों के नाम शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए. ये वो लोग हैं जिन्होंने 6000 लोगों को माइक्रो डोनेशन अभियान के तहत जोड़ा है.