लखनऊ : 60 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार - 60 किलो अवैध गांजा
राजधानी लखनऊ में 60 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार किए गए. गांजे की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है. दोनों बिहार से देश के कई राज्यों में गांजे की अवैध सप्लाई करते थे.

लखनऊ: राजधानी में जीआरपी चारबाग ने करीब 60 किलो अवैध गांजे के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गांजे की कीमत करीब 10,00,000 रुपये बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं जो ट्रेनों के जरिए बिहार से अन्य राज्यों में अवैध रूप से गांजे की सप्लाई करते हैं. दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया है. उसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है.
जीआरपी के निरीक्षक राजा भैया, उपनिरीक्षक आशीष चंद्र त्रिपाठी, उपनिरीक्षक कृष्ण चंद्र मिश्रा ने बुधवार को 2 लोगों को गिरफ्तार किया है. बिहार के जिला भोजपुर थाना शाहपुर के रहने वाले गोरख प्रसाद के कब्जे से 35 किलोग्राम व थाना शाहपुर के रहने वाले ओम प्रकाश के पास से 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. ये दोनों बिहार से गांजे की अवैध सप्लाई देश के कई राज्यों में करते हैं.