फिरोजाबाद: कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी 29 दिसंबर को फिरोजाबाद आएंगी. प्रियंका गांधी सिरसागंज के गिरधारी इंटर कॉलेज में महिलाओं के शक्ति संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगी. कांग्रेस जिलाध्यक्ष और अन्य कांग्रेसी नेताओं ने महिलाओं से अपील की है कि वह ज्यादा से ज्यादा की संख्या में पहुंचकर प्रियंका गांधी को अपनी समस्याओं से रूबरू कराएं.
विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बजने में अब कुछ ही दिन बचे हैं. ऐसे में सभी राजनीतिक दल जनता के बीच जाकर लोगों से वादे कर रहे हैं और उन्हें अपनी प्राथमिकता के बारे में बता रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी जहां जन विश्वास यात्रा निकाल रही है, वहीं सपा भी जनसभा कर अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी है. कांग्रेस पार्टी भी जनता के बीच जाकर उन्हें अपनी प्राथमिकता बताने में पीछे नहीं है.
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को जनपद के सिरसागंज नगर में आएंगी. यहां वे गिरधारी इंटर कॉलेज में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में महिलाओं से रूबरू होंगी. कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं पहुंच सकें इसके लिए कांग्रेसी नेता पूरी शिद्दत के साथ जुटे हैं.