अयोध्या: 11 जनवरी को बिहार के सिद्धेश्वर से शुरू होकर बिहार के श्रीराम तीर्थों का जल एवं मिट्टी का पूजन और भव्य शोभायात्रा आज अयोध्या पहुंची. आविर्भाव एवं अभ्युदय शोभायात्रा के नाम से आयोजित किए गए इस कार्यक्रम की शुरुआत श्री राम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम सिद्धेश्वर बिहार से 11 जनवरी को शुरू हुई थी जो 4 दिन का सफर पूरा कर आज अयोध्या पहुंच गई. यहां पर केंद्रीय मंत्री और संस्था के न्यास अध्यक्ष अश्वनी कुमार चौबे ने भगवान राम के अस्त्र धनुष और पवित्र जल को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सौंप दिया. इस शोभायात्रा में जनकपुर मिथिलांचल बिहार से बड़ी संख्या में राम भक्त अयोध्या पहुंचे हैं.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बताया कि भगवान राम की आविर्भाव अभ्युदय रथ यात्रा आज अयोध्या पहुंची. भगवान राम के ससुराल मिथिलांचल जनकपुर धाम से संदेश लेकर एक यात्रा रवाना हुई थी, जहां से भगवान राम का आविर्भाव हुआ. श्रृंगी ऋषि के आश्रम के गंगाजल और पवित्र मिट्टी के साथ सिद्धाश्रम बक्सर जहां पर भगवान राम ने ताड़का का वध किया था, उसी स्थान पर सबसे पहले रामेश्वर राम का शिवलिंग स्थापित किया गया था, वहां से यह यात्रा चलकर आई है. उन्होंने कहा कि पवित्र जल और भगवान राम के धनुष बाण को आज अर्पित कर रहे हैं. इस यात्रा के माध्यम से भगवान राम के पराक्रम और उनके मर्यादा पुरुषोत्तम चरित्र को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया है.