आगराः पिंक बेल्ट मिशन द्वारा बुधवार 25 नवंबर अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस मनाया गया. इस दौरान लगभग 60 से 70 महिलाओं को आत्मरक्षा के गुणों का प्रशिक्षण दिया गया. जहां एसिड अटैक से शिकार हुई महिलाएं भी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने आईं. उन्होंने भी आत्मरक्षा के गुर सीखे और बताया कि यही एक तकनीक है जिससे प्रत्येक महिला अपने आप को बड़ी मुसीबत से बचा सकती है.
पुरी दुनिया देखेगी महिलाओं की शक्तिः अपर्णा
कार्यक्रम में पिंक बेल्ट मिशन की संस्थापिका अपर्णा राजावत ने महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर का प्रशिक्षण देते हुए कहा कि अब मन को समझाना है और खुद को समझना है. उन्होंने कहा कि हर महिला अपनी सुरक्षा खुद कर सकती है. महिलाएं स्कूल-कॉलेजों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के सामने उदाहरण पेश करने में भी सक्षम हैं. महिलाओं की शक्ति को अब पूरी दुनिया देखेगी. उन्होंने महिलाओं से कहा कि अब यह ख्याल अपने मन से निकाल दें कि कोई और आएगा और आपकी सुरक्षा करेगा.