आगरा:तीर्थ धाम बटेश्वर में ऐतिहासिक शिव मंदिर श्रृंखला के साथ यमुना की लहरें दीपोत्सव में एक लाख दीपकों से झिलमिला गईं. खूबसूरत नजारे का सैकड़ों की संख्या में लोग गवा बने और आयोजन कार्यक्रम की जमकर सराहना की गई.
हर वर्ष की तरह तीर्थ धाम बटेश्वर में इस वर्ष भी दीपोत्सव दीपदान कार्यक्रम का आयोजन परमार्थधाम बटेश्वर के तत्वावधान में संस्थापक बृजेश शास्त्री ने टीम भारती के सहयोग से किया गया. टीम भारती के संस्थापक घनश्याम भारतीय एवं राहुल शर्मा के सहयोग से अन्य कार्यकर्ताओं ने यमुना के घाटों पर दीपकों को सजाने का कार्य किया. बुधवार रात को एक लाख दीपकों के जलने से ब्रज की काशी बटेश्वर के भोले के मंदिर श्रृंखला के साथ यमुना की लहरें जगमगा उठीं.
यमुना के घाटों पर जलते हुए दीपकों में महाकाल की आकृति लिखी हुई नजर आई. साथ ही मंत्रोच्चारण के साथ बटेश्वर के मंदिर के पुजारियों द्वारा यमुना का महाआरती कार्यक्रम भी किया गया. चारों तरफ बम भोले के जयकारों और जयघोष से क्षेत्र गुंजायमान था, जिसे देखने और दीपदान करने के लिए भारी संख्या में दूरदराज से लोग पहुंचे.