चंद्रयान3 की सफलता के लिए जयपुर में लोग कर रहे हैं विशेष अरदास जयपुर. भारत के नाम एक और कीर्तिमान जुड़ने वाला है. इसरो का चंद्रयान-3 कुछ ही घंटे में चांद की सतह पर लैंडिंग करेगा. इसके साथ ही भारत अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रचेगा. विक्रम लैंडर शाम 6:04 पर चांद के साउथ पोल में लैंडिंग करेगा. भारत चांद के साउथ पोल में उतारने वाला पहला देश होगा. इस उपलब्धि को लेकर देशवासियों में खासा उत्साह है. वहीं जयपुर में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर शहर वासियों ने जवाहर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर में 11 शिवलिंग बनाकर भगवान से अरदास की. इस दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया. साथ ही मंदिर में चंद्रयान-3 की झांकी भी सजाई गई.
चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग का इंतजार बुधवार को खत्म होगा. शाम 5:45 पर चंद्रमा के साउथ पोल में सूर्योदय होगा और 6:04 पर सूर्योदय के समय ही विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग होगी. देशवासी इसका लाइव प्रसारण इसरो की वेबसाइट, यू ट्यूब, फेसबुक और दूरदर्शन पर देख सकेंगे. चूंकि पिछली मर्तबा ज्यादा रफ्तार की वजह से लैंडर क्रैश कर गया था। इसलिए इस बार रफ्तार पर नियंत्रण, लैंडर का सीधा उतरना, उबड़-खाबड़ सतह पर ना उतरना और लैंडर से संपर्क बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी.
पढ़ें Chandrayaan 3: आज दुनिया की नजरें चंद्रयान पर, चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में सफल होगा भारत!
इन चुनौतियों से निपटने के लिए जहां इसरो के वैज्ञानिकों ने सभी तैयारियां कर रखी है. वहीं ये मिशन पूरी तरह सफल रहे इसके लिए जयपुर वासियों ने अपनी आस्था के अनुरूप भगवान से कामना भी की. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए पूजा कर रहे लोगों ने बताया कि ये सौभाग्य की बात है कि चंद्रमा पर प्रणाम करने का भारत देश को सुअवसर मिला है. सावन महीने के चलते भगवान शिव के सामने प्रार्थना की गई है कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हो. साथ ही महिला- पुरुष बच्चे और बुजुर्ग सभी ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया है. वहीं बच्चों ने बताया कि इसरो ने जिस चंद्रयान-3 को लांच किया है, वो साउथ पोल में सफल लैंडिंग करें इसके लिए भगवान से कामना की है. जबकि महिलाओं ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग होगी ये अखंड विश्वास है. खुशी इस बात की है कि भारत एक इतिहास रचने के करीब है, और इसका श्रेय कहीं ना कहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी जाता है .जिन्होंने वैज्ञानिकों को भी प्रोत्साहित किया है.
पढ़ें Chandrayaan 3 : चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही बड़ी अंतरिक्ष शक्ति के रूप में उभरेगा भारत
चंद्रमा का साउथ पोल धरती के साउथ पोल अंटार्कटिका जैसा बताया जा रहा है और यदि यहां बर्फ के सबूत मिलते हैं तो पानी मिलने की भी संभावना है. भारत यदि इस खोज में सफल होता है तो दुनिया के लिए नजीर बनेगा और फिर इसरो का लोहा न सिर्फ नासा बल्कि पूरी दुनिया मानेगी.