बसेड़ी (धौलपुर). मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करौली में प्रस्तावित दौरे के दौरान सरमथुरा में भाजपा कार्यकर्ताओं में एक बार फिर गुटबाजी साफ देखने को मिली. जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला हाइवे पर निर्धारित स्थान पर रूका, तो राजे के स्वागत के लिए सिर्फ वसुंधरा गुट के ही लोग दिखाई (Vasundhara Raje welcomed in Dholpour) दिए. कार्यक्रम से भाजपा कार्यकर्ताओं की दूरी देखकर वसुंधरा गुट के कार्यकर्ता आपस में चर्चा करते रहे.
सरमथुरा भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण सोनी ने तो पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम की संगठन के स्तर पर कोई जानकारी नहीं होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिया. वही वसुंधरा गुट के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह जादौन ने संगठन के वर्तमान पदाधिकारियों पर संगठन को खत्म करने का आरोप लगाया. सरमथुरा में पूर्व मुख्यमंत्री का वसुंधरा गुट के लोगों ने स्वागत किया. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री गाड़ी में ही बैठी रहीं, जिसके कारण लोगों में थोड़ी मायूसी छाई रही. जबकि कार्यकर्ताओं ने हाइवे पर टैंट लगाकर पांडाल लगाया था. इस मौके पर सरमथुरा चैयरमैन जलालुद्दीन खान, पूर्व सरपंच सरमथुरा गुड्डी मौर्य, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह जादौन, मांगीलाल मोदी, कप्तान सिंह जादौन सहित वसुंधरा गुट के कार्यकर्ता मौजूद थे.