भरतपुर. जिले में कांग्रेस के 'गढ़' को बचाए रखने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार दौरे कर रहे हैं. बीते 4 माह में अशोक गहलोत चौथी बार आज भरतपुर आएंगे. वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में जिले की सात सीटों पर भाजपा का सफाया करने के बाद अब मुख्यमंत्री गहलोत आगामी विधानसभा चुनावों में भी जिले में कांग्रेस की स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए एक के बाद एक दौरा कर रहे हैं.
इतना ही नहीं दौरे से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिले के 32,477 किसानों को फसल मुआवजा देने के लिए 16.3 करोड रुपए की बजट की धनराशि भी जारी कर दी है. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भरतपुर के 'गढ़' को बचाए रखने के लिए भरसक लगे हैं.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज 23 मार्च को भरतपुर मेगा जॉब फेयर का उद्घाटन करने भरतपुर आएंगे. लेकिन इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने जिले के 32,477 किसानों के लिए फसल मुआवजे की राशि भी जारी कर दी है. बीते दिनों जिले में बरसात और ओलावृष्टि से किसानों की रबी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है. उससे पहले खरीफ की फसल को भी भारी नुकसान हुआ था लेकिन अभी तक खरीफ फसल का भी मुआवजा नहीं मिला. ऐसे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे से ठीक 1 दिन पहले जिले के किसानों को मुआवजे के लिए बजट राशि रिलीज कर दी गई है. इसे भी मुख्यमंत्री गहलोत का किसानों को साधने का प्रयास माना जा रहा है.