जयपुर. पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर शनिवार को कांग्रेस की ओर से पूरे देश में बलिदान दिवस मनाया गया. राजस्थान कांग्रेस मुख्यालय पर भी सर्वधर्म समभाव प्रार्थना सभा आयोजित की गई. जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ ही मंत्री महेश जोशी भी शामिल हुए. इस दौरान अपने बेटे रोहित जोशी पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के बाद पहली बार मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi speak on FIR against son Rohit) किसी कार्यक्रम में दिखाई दिए. इस दौरान मंत्री महेश जोशी ने मीडिया से रोहित जोशी पर लगे आरोप पर कहा कि कानून अपना काम करेगा.
महेश जोशी कार्यक्रम शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए. इस दौरान वह कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित हो रही प्रार्थना सभा में एकांत में बैठे दिखाई दिए. हालांकि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आने के बाद महेश जोशी तमाम नेताओं के साथ ही बैठे. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बेटे रोहित जोशी पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है.