राजस्थान

rajasthan

ETV Bharat / city

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अकबर को बताया चरित्रहीन, कांग्रेस ने की बयान की निंदा

महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने महाराणा प्रताप को महान बताते हुए अकबर को चरित्रहीन और दुष्कर्मी तक करार दे दिया. उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान की कांग्रेस ने निंदा की है.

By

Published : Jun 6, 2019, 8:09 PM IST

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना शर्मा

जयपुर. महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने महाराणा प्रताप को महान बताते हुए अकबर को चरित्रहीन और दुष्कर्मी तक करार दे दिया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बाकायदा अपने शब्दों में अकबर का इतिहास सुनाते हुए अकबर को चरित्रहीन व्यक्ति करार दिया और मीना बाजार को उदाहरण बताया. सैनी के अनुसार चरित्रहीन व्यक्ति की तुलना महान योद्धा और महापुरुष महाराणा प्रताप से करना इतिहास के साथ मजाक है.

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने अकबर को बताया चरित्रहीन व्यक्ति, कांग्रेस ने की बयान की निंदा

भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सैनी ने कहा अकबर के समय मीना बाजार में पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित था, लेकिन तब भी अकबर भेष बदलकर बदनीयती से मीना बाजार जाता था और कुकृत्य करता था. सैनी के अनुसार एक बार मीना बाजार में घूम रहे अकबर को बीकानेर की किरण देवी ने पकड़ लिया. इस दौरान जैसे ही अकबर ने किरण देवी के साथ कुकृत्य का प्रयास किया, तो किरण ने अपने कटार को अकबर की गर्दन पर रख दिया. जिसके बाद अकबर ने क्षमा याचना कर अपने जीवन की भीख मांगी. इस घटना के बाद से ही मीना बाजार बंद कर दिया गया.

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान की कांग्रेस ने निंदा की है. कांग्रेस उपाध्यक्ष अर्चना शर्मा के अनुसार महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर इस प्रकार की सियासत उचित नहीं कहा जा सकता है. शर्मा के अनुसार महाराणा प्रताप सब के आदर्श हैं लेकिन भाजपा के शीर्ष पद पर बैठे नेता इस पुनीत अवसर का दुरुपयोग करते हुए इतिहास को तोड़ मरोड़ कर पेश करने का काम कर रहे हैं. जिससे समाज में विघटन और द्वेष फैले.

ABOUT THE AUTHOR

...view details